Heart Attack in Wedding: झांसी में भांजी की शादी में मामा की गिरकर मौत

रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के मामा की अचानक गिरने के बाद मौत हो गई।

Heart Attack in Wedding: झांसी जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक शादी समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित विवाह समारोह के दौरान दुल्हन के मामा की अचानक गिरने के बाद मौत हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

मृतक की पहचान झांसी शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी 62 वर्षीय हरिमोहन सेन के रूप में हुई है। वे अपनी मुंहबोली बहन की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। परिजन और रिश्तेदारों के अनुसार, शादी समारोह सामान्य रूप से चल रहा था और सभी लोग खुशियों में शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरिमोहन सेन भांजी को देने के लिए थैले में साड़ी लेकर स्टेज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चलते-चलते वह कुर्सियों के पास कुछ पल के लिए रुके और अचानक संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गिरने से पहले उन्हें किसी तरह की बहस या धक्का नहीं लगा, बल्कि वह अचानक ही जमीन पर गिर गए।

शादी की चहल-पहल और शोरगुल के कारण शुरुआत में किसी का ध्यान उनकी ओर नहीं गया। कुछ देर बाद जब लोगों की नजर पड़ी तो वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश की और CPR भी दिया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

घटना की सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और हरिमोहन सेन को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद शादी समारोह रोक दिया गया और पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। जो माहौल कुछ देर पहले खुशियों से भरा था, वह पल भर में गम में बदल गया।

यह भी पढ़ें: Goat Officer on Duty: थाने की परेड और गश्त में शामिल बकरा जवान

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!