Himachal Cloudburst: नूहाडा वाटरफॉल में फटा बादल, पुलियां बहीं और रास्ते टूटे
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर ऊंचे क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने लगी....

Himachal Cloudburst: हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर ऊंचे क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ने लगी है, वहीं कुल्लू की सैंज घाटी में शुक्रवार को अचानक बादल फटने से कई जगह नुकसान हुआ। सुचैहण पंचायत के नूहाडा वाटरफॉल क्षेत्र में तेज बारिश के बाद आई बाढ़ और मलबे ने छह पुलियों को बहा दिया। कई पैदल रास्ते भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे गांवों तक पहुंच प्रभावित हुई है। रोहतांग, बारालाचा और शिंकुला समेत धौलाधार की ऊंची पहाड़ियों पर गुरुवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसके बाद पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ गया है। हालांकि, दिन में धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी बीच शुक्रवार को सैंज घाटी के सुचैहण क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली और नूहाडा वाटरफॉल के आसपास बादल फटने की घटना सामने आई।
बाढ़ और मलबे से कई जगह नुकसान
बादल फटने के बाद तेज बारिश के साथ पानी और मलबा नीचे की ओर आया। इसकी चपेट में आने से क्षेत्र में करीब छह पुलियां बह गईं। गांवों को जोड़ने वाले कई पैदल रास्तों को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पेयजल योजनाओं की पाइपलाइन भी प्रभावित हुई है। वाटरफॉल के आसपास बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। स्थानीय लोगों के सामने आवागमन और पेयजल से जुड़ी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। सुचैहण पंचायत के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलियों और रास्तों की मरम्मत के साथ पेयजल योजनाओं को भी जल्द बहाल करने की मांग की है।
मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालु की ठंड से मौत
चंबा जिले में चल रही मणिमहेश यात्रा के दौरान भी एक दुखद घटना सामने आई। डल झील के पास अत्यधिक ठंड की वजह से 82 वर्षीय श्रद्धालु जयराम शर्मा की मौत हो गई। वह जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के कलरबत्ता गांव के रहने वाले थे। जयराम शर्मा कमल सिंह वजीर के पारंपरिक छड़ी जत्थे के साथ मणिमहेश पहुंचे थे। बताया गया कि वह अन्य श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा करते हुए डल झील तक पहुंचे और वहां स्नान करने तथा भगवान शिव के दर्शन की तैयारी कर रहे थे। डल झील क्षेत्र में मौसम बेहद ठंडा था। वहां बर्फबारी के साथ तेज ठंडी हवाएं चल रही थीं और रात के समय तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया था। बुधवार रात ठंड बढ़ने के बाद जयराम शर्मा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथ मौजूद श्रद्धालुओं और सेवादारों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। राहत दल और साथी यात्रियों की मदद से उनके शव को कठिन और दुर्गम रास्तों से नीचे सड़क तक पहुंचाया गया। भरमौर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपेश बराल के मुताबिक, परिजनों के भरमौर पहुंचने और शव की पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ा
हिमाचल में मौसम बदलने के साथ दिन के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। लाहौल-स्पीति के केलंग में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री रहा। ताबो में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री, शिमला में 14.5 डिग्री, मनाली में 9.9 डिग्री और कुफरी में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कल्पा में 7.8 डिग्री रही। इसके अलावा केलंग में सात, भुंतर में 6.5, मंडी में 4.6 और बिलासपुर में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, ऊना में दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम में बदलाव के बीच सेहत को लेकर सावधानी जरूरी
बदलते मौसम को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी है। मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. बलवीर वर्मा के मुताबिक, मौसम में अचानक बदलाव के दौरान शरीर पर असर पड़ सकता है और लापरवाही करने पर सर्दी, खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े या जैकेट पहनने की सलाह दी गई है। ठंडे पानी, फ्रिज में रखी चीजों और कोल्ड ड्रिंक से दूरी बनाए रखना बेहतर बताया गया है। खानपान में अदरक, तुलसी, हल्दी और गर्म सूप जैसी चीजें शामिल की जा सकती हैं। वहीं, किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने की सलाह दी गई है।









