Himachal Weather: किन्नौर में ग्लेशियर गिरा, सीमावर्ती सड़क पूरी तरह बंद

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में मौसम ने अचानक करवट ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है.......

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में मौसम ने अचानक करवट ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश जारी है। पहली ही बर्फबारी के बाद कई जगह हालात प्रभावित हुए हैं। छितकुल के रानी कंडा क्षेत्र में ग्लेशियर आने से सड़क पर भारी मात्रा में बर्फ जमा हो गई, जिससे आवाजाही रुक गई। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

ग्लेशियर और भारी बर्फबारी के कारण छितकुल-दुमती सीमावर्ती सड़क पूरी तरह बंद हो गई है। इससे सीमावर्ती इलाकों में आने-जाने में परेशानी हो रही है। छितकुल में करीब 4 से 6 इंच और कूनो चारंग क्षेत्र में लगभग 10 इंच तक बर्फ गिरने की जानकारी है।

बर्फबारी के बीच फंसे भेड़पालक

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार बर्फबारी के कारण कुछ भेड़पालक फंस गए हैं। बर्फ की मोटी परत जमने से उनके लिए निचले इलाकों की ओर लौटना मुश्किल हो गया है। इस बीच कुछ पशुधन के मारे जाने की भी सूचना सामने आई है।

तापमान गिरने से बढ़ी ठंड

अचानक बदले मौसम का असर पूरे जिले में दिखाई दे रहा है। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है और ऊंचाई वाले इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़ों और अन्य इंतजामों का सहारा लेना शुरू कर दिया है।

चारंग में बिजली आपूर्ति प्रभावित

कूनो चारंग क्षेत्र में पिछले दिन से बिजली आपूर्ति बाधित है। खराब मौसम और लगातार बर्फबारी के बीच बिजली गुल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों को बिजली बहाल होने का इंतजार है।

सेब की फसल पर भी मौसम की मार

अचानक हुई बारिश और बर्फबारी ने सेब उत्पादकों की चिंता बढ़ा दी है। कल्पा और पूह विकासखंडों में इन दिनों सेब तुड़ाई का काम चल रहा है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण इसमें बाधा आ रही है। तैयार सेब को मंडियों तक पहुंचाने में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं।

बागवानों को आशंका है कि यदि तापमान में और गिरावट आती है तो ऊंचाई वाले इलाकों में पेड़ों पर मौजूद सेब की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!