Jalandhar Fire: Modi Farm फैक्ट्री में लगी भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका!
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठने वाला घना काला धुआं आसपास के काफी दूर तक नजर आया।

Jalandhar Fire: पंजाब के जालंधर में गुरुवार को एक मैट्रेस फैक्ट्री में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना बस्ती बावा खेल इलाके में स्थित मोदी फार्म मैट्रेस फैक्ट्री की बताई जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठने वाला घना काला धुआं आसपास के काफी दूर तक नजर आया। इसी बीच कई तेज धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात भी सामने आई, जिसके बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
आग की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
ज्वलनशील सामान के कारण बढ़ी मुश्किल
फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गद्दे और दूसरे आसानी से आग पकड़ने वाले सामान मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इसके चलते दमकल कर्मचारियों को आग पर नियंत्रण पाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार अलग-अलग हिस्सों से आग को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी हुई हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने का अभियान जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के बाद साफ होगी वजह
आग किस वजह से लगी, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने के बाद की जाने वाली जांच में ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
नुकसान का आकलन बाकी
भीषण आग से फैक्ट्री में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका फिलहाल अनुमान नहीं लगाया जा सका है। आग बुझने के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा। राहत की बात यह है कि अभी तक इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। दमकल विभाग की टीमें आग को पूरी तरह नियंत्रित करने में लगी हुई हैं।









