Kullu Accident: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 युवकों की जान गई
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एनएच-305 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आनी क्षेत्र में हरिपुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर.....

Kullu Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एनएच-305 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। आनी क्षेत्र में हरिपुर के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 3 बजे निगान-निमला के बीच हुआ। कार में सवार युवक एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे। हरिपुर के पास पहुंचते ही वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त कार तक पहुंचने में रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 8 बजे तक बचाव अभियान जारी रहा।
एक ही गांव के चार युवकों की मौत
पुलिस के अनुसार हादसे में राहुल राणा (25), बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन की मौत हुई है। चारों युवक जाबो गांव, डाकघर कराणा, तहसील आनी के रहने वाले थे। वहीं, हादसे में घायल सुरेश कुमार (28) को स्थानीय लोगों की सहायता से नागरिक अस्पताल आनी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। एक ही गांव के चार युवकों की एक साथ मौत की खबर से जाबो क्षेत्र में मातम छा गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।









