Lucknow Traffic: जाम से मिलेगी राहत, लोगों के लिए बनेगा फ्लाईओवर
राजधानी लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 858 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव...

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के तेलीबाग चौराहे पर लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 858 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना पर लगभग 145.99 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। फ्लाईओवर तैयार होने के बाद पांच लाख से अधिक लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।
पीक ऑवर में जाम से मिलेगी राहत
तेलीबाग चौराहा लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर स्थित है और शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल है। सुबह और शाम के समय यहां वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग जाता है। त्योहारों के दौरान स्थिति और मुश्किल हो जाती है। इसी समस्या को देखते हुए सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह ने फ्लाईओवर का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके बाद सेतु निगम ने परियोजना का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा। व्यय वित्त समिति की बैठक में इसे स्वीकृति मिल गई है। अब निर्माण के लिए शासन से बजट जारी होने का इंतजार है।
आगरा-कानपुर से आने वाले वाहनों को भी फायदा
फ्लाईओवर बनने के बाद आगरा और कानपुर एक्सप्रेसवे की ओर से आने वाले वाहनों को तेलीबाग चौराहे पर रुकने की जरूरत कम होगी। रायबरेली रोड, आलमबाग, कैंटोनमेंट, वृंदावन योजना और पीजीआई क्षेत्र से आने-जाने वाले लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। पीजीआई जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कैंटोनमेंट से रायबरेली रोड और आलमबाग-पीजीआई रोड से शहीद पथ की ओर जाने वाले यातायात को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
डेढ़ से दो साल में पूरा होने की उम्मीद
सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक, बजट आवंटित होने के बाद टेंडर समेत जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी और निर्माण शुरू किया जाएगा। अनुमान है कि निर्माण कार्य पूरा होने में करीब डेढ़ से दो साल का समय लग सकता है। फ्लाईओवर की योजना तैयार करते समय पालोहरुखेड़ा, इमलिया बाग और आसपास के इलाकों के यातायात को भी ध्यान में रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद तेलीबाग चौराहे पर ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है।









