Moradabad Accident: डंपर का पहिया निकला, बाइक सवार युवक की मौत
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोंगी खुर्द के पास तेज रफ्तार डंपर का पिछला.....

Moradabad Accident: मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा-मुरादाबाद हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लोंगी खुर्द के पास तेज रफ्तार डंपर का पिछला पहिया अचानक निकलकर सामने से गुजर रही बाइक से जा टकराया। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय उबैस आलम की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
नौकरी की तैयारी के लिए कमरा देखने गया था युवक
भोजपुर थाना क्षेत्र के कोरबा गांव निवासी उबैस आलम सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। सोमवार को वह ठाकुरद्वारा में रहने के लिए कमरा देखने गया था। करीब दोपहर 1:30 बजे कमरा देखने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था।
हाईवे पर अचानक निकला डंपर का पहिया
उबैस की बाइक जब लोंगी खुर्द के पास पहुंची, तभी सड़क पर चल रहे डंपर का पिछला पहिया अचानक निकल गया। बेकाबू पहिया सीधे बाइक से जा टकराया। टक्कर के बाद उबैस बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार में मचा कोहराम
उबैस की मौत की खबर जैसे ही परिवार और गांव में पहुंची, मातम छा गया। परिजन घटनास्थल और पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा उबैस अपने भविष्य को लेकर मेहनत कर रहा था, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया।
बुलंदशहर में विधायक की कार भी हादसे का शिकार
इसी बीच बुलंदशहर में दो दिन पहले गंगा एक्सप्रेसवे पर भी सड़क हादसा हुआ था। यहां बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर कार एक पोल से टकरा गई थी। हादसे में विधायक, उनके गनर और ड्राइवर घायल हुए थे। टक्कर में विधायक को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई थी।









