Moradabad Fire: आधी रात अचानक भड़की आग, दो गेस्ट हाउस में मची भगदड़!
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने बुधवार देर रात दो गेस्ट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों इमारतों को अपनी चपेट में...

Moradabad Fire: मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने बुधवार देर रात दो गेस्ट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों गेस्ट हाउस में ठहरे करीब 21 लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
घटना रात करीब 11:50 बजे की बताई जा रही है। रेलवे स्टेशन के सामने स्थित दास गेस्ट हाउस में सबसे पहले आग लगी। गेस्ट हाउस की पहली मंजिल पर लकड़ी के केबिन और काउंटर बने हुए थे। वहां मौजूद लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही समय में लपटें तेजी से फैल गईं।
आग पहली मंजिल से दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। ऊपर बने करीब पांच कमरों में ठहरे लोगों को जब आग की जानकारी हुई तो वे घबराकर बाहर की ओर भागे। इसी बीच आग पास स्थित विनायक गेस्ट हाउस तक भी पहुंच गई। वहां भी दूसरी मंजिल पर करीब पांच कमरे बने थे, जिनमें लोग ठहरे हुए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। एसपी सिटी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए आसपास का ट्रैफिक रोक दिया गया। दमकल की करीब छह गाड़ियों ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों गेस्ट हाउस बुरी तरह जल चुके थे।
हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम
आग लगने के दौरान मुरादाबाद शहर में नो-एंट्री का समय समाप्त हो चुका था और भारी वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी। रेलवे स्टेशन के सामने बड़ी संख्या में वाहन मौजूद थे। आग पर काबू पाने के लिए पुलिस ने सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया।
करीब डेढ़ घंटे तक दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। इसके चलते हाईवे पर दोनों तरफ लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। रात करीब एक बजे के बाद दमकल की गाड़ियां हटने पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
आसपास के होटलों में मची अफरा-तफरी
घटनास्थल के आसपास करीब 20 से ज्यादा होटल और खाने की दुकानें हैं। जिस समय आग लगी, इन जगहों पर काफी संख्या में लोग खाना खा रहे थे। आग की लपटें देखकर आसपास के होटल संचालकों और ग्राहकों में भी दहशत फैल गई।
आग के दूसरे प्रतिष्ठानों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए होटल कर्मचारियों ने गैस सिलिंडर बाहर निकाल दिए। कई होटल संचालकों ने एहतियात के तौर पर अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। कर्मचारी आग पर पूरी तरह काबू पाए जाने तक सिलिंडरों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर लेकर खड़े रहे।
गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे स्टेशन के आसपास संचालित गेस्ट हाउसों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में आए दोनों गेस्ट हाउस के पास अग्निशमन विभाग की एनओसी नहीं थी।
बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन के आसपास करीब 10 गेस्ट हाउस संचालित हैं और इनमें से कई के पास अग्निशमन विभाग की जरूरी अनुमति नहीं होने की बात सामने आई है। ऐसे में हादसे के बाद इन गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।









