Moradabad News: ठंड से बचाव बना मौत की वजह, दो बच्चों की गई जान
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए लिखित में सहमति दी

Moradabad News: मुरादाबाद जिले के छजलैट क्षेत्र में ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। बंद कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे परिवार के दो मासूम बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि माता-पिता और एक अन्य बच्चा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रमपुरा गांव निवासी जावेद उर्फ पप्पू (35) मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर छजलैट के पास एक पेट्रोल पंप के समीप चाय की कैंटीन चलाते हैं। उनका घर कैंटीन से कुछ दूरी पर स्थित है। गुरुवार रात करीब 11 बजे जावेद अपनी पत्नी शाहिस्ता (32) और तीन बच्चों शिफान (6), आहिल (4) और आयरा (3) के साथ एक कमरे में सोने चले गए। ठंड से बचाव के लिए कमरे में अंगीठी जलाई गई थी।
रात के दौरान अंगीठी से निकलने वाली जहरीली गैस कमरे में फैलती चली गई, जिससे ऑक्सीजन की कमी हो गई। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तक जब परिवार के लोग बाहर नहीं आए तो पास के कमरे में सो रहे रिश्तेदारों को शक हुआ। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद जावेद ने किसी तरह दरवाजा खोला, लेकिन वह बेहोशी की हालत में थे।
कमरे के अंदर पत्नी और तीनों बच्चे अचेत अवस्था में पड़े मिले। शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल छजलैट के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने आहिल और आयरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि शिफान, जावेद और शाहिस्ता का इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए लिखित में सहमति दी, जिसके बाद बच्चों के शव उन्हें सौंप दिए गए। इस हृदयविदारक हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है।









