Nepal News: लैंडिंग के वक्त कैसे टकराए दो हेलीकॉप्टर? हादसे का VIDEO आया सामने
नेपाल के सोलुखुंबु जिले में एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। यहां फेरीचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस.....

Nepal News: नेपाल के सोलुखुंबु जिले में एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। यहां फेरीचे हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होते हुए दिखाई दे रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
लैंडिंग के दौरान आपस में भिड़े हेलीकॉप्टर
मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोलुखुंबु जिले के खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र स्थित फेरीचे हेलीपैड पर हुई। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए।
प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टरों के पंखों के टकराने की बात सामने आई है। फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे में भारतीय नागरिक की गई जान
सोलुखुंबु जिला पुलिस के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे टकराने से यह दुर्घटना हुई। जिला प्रशासन ने मृतक की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में की है।
वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के तौर पर हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक हैं। दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। घायल व्यक्ति को माउंटेन हेलीकॉप्टर की मदद से इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, मृतक के शव को प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुक्ला पहुंचाया गया।
फ्लोरिडा में भी हुआ विमान हादसा, 9 लोगों की मौत
इसी बीच अमेरिका के फ्लोरिडा में भी एक विमान दुर्घटना की खबर सामने आई है। सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन इलाके में एक बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के रिहायशी इलाके में गिरा और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गया।
इस हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की जान चली गई। दुर्घटनास्थल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट से करीब 9 मील (14 किलोमीटर) दूर बताया गया है।









