Odisha: चिप्स के पैकेट से निकली मौत, गुब्बारे ने छीनी 6 वर्षीय बच्चे की जान
ओडिशा के खुर्दा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने माता-पिता और प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है।

Odisha: ओडिशा के खुर्दा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने माता-पिता और प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक साधारण सा चिप्स का पैकेट एक छह साल के मासूम की मौत की वजह बन गया। यह हादसा बेगुनिया ब्लॉक के निधिपुर गांव में हुआ, जहां खुशी-खुशी चिप्स खा रहा बच्चा कुछ ही मिनटों में जिंदगी की जंग हार गया।
मृतक बच्चे की पहचान तापस पैकराय के रूप में हुई है, जो अभय पैकराय का बेटा था। परिवार के अनुसार, शुक्रवार सुबह तापस घर पर चिप्स खा रहा था। इसी दौरान उसे पैकेट के अंदर एक छोटा सा गुब्बारा मिला। मासूम ने उसे खिलौना समझा और मुंह से फुलाने की कोशिश करने लगा।
फुलाते समय गुब्बारा अचानक उसके गले की सांस की नली में फंस गया, जिससे बच्चे को तुरंत सांस लेने में परेशानी होने लगी। कुछ ही पलों में उसकी हालत गंभीर हो गई। बच्चे की बिगड़ती स्थिति देख परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे के गले से गुब्बारा निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हालत और बिगड़ने पर तापस को खुर्दा जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि वहां पहुंचते-पहुंचते डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के खाने-पीने की चीजों में इस तरह के खतरनाक सामान का होना बेहद लापरवाही है और इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के लिए बनाए जाने वाले खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर सख्त निगरानी रखी जाए। गौरतलब है कि इससे पहले भी ओडिशा के बलांगीर जिले में चिप्स के पैकेट से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आ चुका है, जहां पैकेट फटने से एक बच्चे की आंख को स्थायी नुकसान पहुंचा था।
इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: BJP सांसद मनोज तिवारी के घर से गायब होते रहे लाखों, सच्चाई कैमरे में कैद









