Premanand Ashram: 5 करोड़ में विराट कोहली को बुलाने का दावा, उठे सवाल
अब श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने आश्रम और उससे जुड़े कुछ लोगों को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं।

Premanand Ashram: संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद वृंदावन स्थित श्री हित राधा केलीकुंज आश्रम एक बार फिर चर्चा में है। अब श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज ने आश्रम और उससे जुड़े कुछ लोगों को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज को पत्र लिखकर गोवर्धन गिरिराज जी में रहने की अपील भी की है।
विराट कोहली को लेकर किया बड़ा दावा
फलाहारी महाराज ने अपने पत्र में दावा किया कि एक गुट ने विराट कोहली को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये देकर बुलाया था, ताकि संत प्रेमानंद महाराज को अधिक प्रसिद्धि मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान की एक कंपनी विराट कोहली को लेकर आई थी और बाद में उससे जुड़े कुछ लोग साधु के रूप में आश्रम में प्रवेश कर गए। फलाहारी महाराज का यह भी दावा है कि ये लोग अब प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े हुए हैं।
‘प्रेमानंद महाराज के नाम का गलत इस्तेमाल हो रहा’
फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को तपस्या करने वाले संत बताते हुए उनके आसपास कथित तौर पर सक्रिय माफिया तत्वों से दूरी बनाए रखने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज सनातन और हिंदू धर्म के लिए महत्वपूर्ण हैं और वह उनकी मदद के लिए अपनी किडनी तक देने को तैयार हैं।
उनका आरोप है कि कुछ कथित माफिया तत्व संत प्रेमानंद महाराज के नाम का इस्तेमाल कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने संत की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
यमुना डूब क्षेत्र की जमीन को लेकर भी आरोप
पत्र में न्यू बेलवन आश्रम के आसपास यमुना के डूब क्षेत्र की जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फलाहारी महाराज ने दावा किया कि यमुना खादर की जमीन की खरीद-फरोख्त में कथित तौर पर कुछ अधिकारियों और भूमाफिया के बीच सांठगांठ हो सकती है। उन्होंने ऐसे मामलों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वृंदावन में भूमाफिया के सक्रिय होने का दावा
फलाहारी महाराज ने वृंदावन में कथित तौर पर सक्रिय भूमाफिया का भी जिक्र किया। उनके पत्र में जमीन से जुड़े मामलों के अलावा किडनी चोरी और बच्चों के लापता होने जैसे बेहद गंभीर आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। इन दावों की जांच की मांग करते हुए उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की अपील की है।
प्रेमानंद महाराज को Z+ सुरक्षा देने की मांग
फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को देश-विदेश के सनातन अनुयायियों के बीच पूज्य संत बताते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने सरकार से संत को Z+ सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ लोग साधु का वेश धारण कर कथित तौर पर जमीन से जुड़े मामलों में सक्रिय हैं और संत प्रेमानंद महाराज की लोकप्रियता की आड़ में अधिकारियों के साथ कथित सांठगांठ कर यमुना डूब क्षेत्र की जमीन की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
फलाहारी महाराज के इन सभी आरोपों और दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस या संबंधित अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।









