राष्ट्रपति और पीएम ने दी देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं
हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है देशभर में नयासाल, मंदिरों में गंगा घाट पर सुबह से ही है श्रद्धालुओं की भीड़

नए साल का जश्न देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी है और गंगा घाट पर भी स्नान करने वाले पहुंचे हैं। इस खास मौके पर बधाईयों का सिलसिला जारी है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने देशवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
इस साल की शुरुआत भारत के लिए बेहद गर्वशील रही है। देश ने अपने पहले एक्सपोसेट (एक्स-रे पोलारिमीटर सैटेलाइट) मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। इसरो ने अंतरिक्ष में एक और नई कहानी लिख दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “सभी को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं! वर्ष 2024 सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लाए। आइए हम समावेशी और सतत विकास में योगदान देने की नई प्रतिबद्धता के साथ नए साल का स्वागत करें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शानदार 2024 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “यह वर्ष सभी के लिए समृद्धि, शांति और अद्भुत स्वास्थ्य लेकर आए।”
मन की बात की 108वीं प्रसारण में भी पीएम मोदी ने देशवासियों को साल 2024 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए साल में हमें नई ऊर्जा और तेज गति से आगे बढ़ने का संकल्प लेना है।
देश ने 2023 में राष्ट्रीय और वैश्विक मोर्चों पर महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की। G20 शिखर सम्मेलन राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित किया गया और इंटरनेशनल ईयर ऑफ़ मिलेट्स भी भारत ने मनाया।
चंद्रयान-3 ने देश में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। 2024 की शुरुआत अयोध्या के राम मंदिर के उद्घाटन के साथ भारत के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है।










