बजरंग बली की मूर्ति हटाने को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव
ग्रामीणों ने पुलिस टीम के ऊपर पथराव किया और इसके साथ ही लाठिया भी चलाईं। इस घटना में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज हॉस्पिटल में...

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भगवान हनुमान की मूर्ति हटाने को लेकर बवाल हो गया है। बलिया जिले में गड़वार थाना इलाके के बहादुरपुर कारी नाम के गांव में एक सरकारी जमीन पर भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापित किए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसे हटाने पहुंची पुलिस पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने पथराव और लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कुल 76 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
बलिया पुलिस के अनुसार रविवार रात हुई इस घटना में 36 नामजद सहित कुल 76 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों के हमले से घायल हुए गड़वार थाना के प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि बहादुरपुर कारी गांव में रविवार रात के समय एक सरकारी जमीन पर हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी और इसकी सुचना मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस पर किया पथराव
उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों ने बगैर सरकारी अनुमति के प्रतिमा स्थापित करने का हवाला देते हुए उसे हटाने की कोशिश की, तो इस दौरान ग्रामीण उग्र हो गए। राज कुमार सिंह के अनुसार ग्रामीणों ने अधिकारियों पर पथराव किया और फिर लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस अधिकारी राज कुमार सिंह के अनुसार सभी घायलों को रतसड के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। और उन्होंने बताया कि इस केस में 36 नामजद और 40 अज्ञात समेत कुल 76 लोगों के खिलाफ आईपीसी, लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम और इसके साथ ही आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनमे से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राज कुमार सिंह के अनुसार घटनास्थल पर अधिक संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। और उन्होंने हालात के नियंत्रण में होने का दावा किया है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग ने हनुमान जी की प्रतिमा को हटा दिया है और इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जिस जमीन पर हनुमान जी की प्रतिमा को स्थापित किया गया था, वह सरकारी है और यह पूर्व में 10 लोगों को पट्टे पर दी गई थी।
ये भी पढ़े: सरकारी अस्पताल में महिला के साथ बदसलूकी, नर्स ने बाल पकड़ कर पटका










