Sainik School: 6वीं-9वीं में दाखिला शुरू, फॉर्म भरने से पहले चेक करें ये बात
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) और उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो...

Sainik School: राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) और उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 और 9 में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए दोनों प्रवेश परीक्षाओं के आवेदन अलग-अलग माध्यम से किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक होने के कारण पात्रता और जरूरी दस्तावेज पहले से जांच लेने की सलाह दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित RMS Common Entrance Test (RMS CET-2026) के लिए नियमित आवेदन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर तय की गई है। अभ्यर्थी शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 21 से 25 अक्टूबर तक अतिरिक्त शुल्क के साथ आवेदन करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
13 दिसंबर को होगी RMS प्रवेश परीक्षा
RMS में कक्षा 6 और 9 में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 13 दिसंबर को प्रस्तावित है। परीक्षा OMR आधारित होगी और इसके जरिए देश के पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों में प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 6 के लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2017 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा 9 के लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित की गई है। आयु में छूट और अन्य पात्रता संबंधी जानकारी आधिकारिक सूचना पुस्तिका में देखी जा सकती है।
यूपी सैनिक स्कूल के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन
उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए नियमित आवेदन 25 अक्टूबर शाम 5 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। विलंब शुल्क के साथ 31 अक्टूबर तक आवेदन का मौका मिलेगा। प्रवेश परीक्षा की संभावित तारीख 20 दिसंबर रखी गई है। इस परीक्षा के माध्यम से लखनऊ स्थित कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल और गोरखपुर स्थित यूपी सैनिक स्कूल में दाखिला दिया जाएगा। दोनों विद्यालयों में कक्षा के अनुसार पात्रता, सीटों और अन्य नियम अलग-अलग हो सकते हैं।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
प्रवेश परीक्षा विशेषज्ञ एवं वीसीजीसी के निदेशक विनीत शर्मा के अनुसार, आवेदन करने से पहले अभिभावकों को विद्यार्थी की जन्मतिथि, मौजूदा कक्षा, निवास प्रमाणपत्र और संबंधित विद्यालय की सीटों से जुड़ी शर्तों की जांच कर लेनी चाहिए। RMS और यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा। RMS CET के लिए आवेदन NTA की वेबसाइट पर और यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के लिए संबंधित आधिकारिक पोर्टल पर किया जाएगा। आवेदन करने से पहले वेबसाइट पर जारी ताजा दिशा-निर्देश पढ़ना जरूरी है। सैनिक स्कूलों में नियमित पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को सैन्य उन्मुख प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, लखनऊ, झांसी, मैनपुरी, अमेठी और प्रयागराज समेत कई स्थानों पर सैनिक स्कूल संचालित हैं, जबकि राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूलों के परिसर अन्य राज्यों में स्थित हैं।
लखनऊ और गोरखपुर में पात्रता अलग
लखनऊ स्थित यूपी सैनिक स्कूल में कक्षा 6 के लिए केवल लड़के आवेदन कर सकते हैं। इसके विपरीत गोरखपुर में कक्षा 6 के लिए लड़के और लड़कियां दोनों पात्र हैं। कक्षा 9 में दोनों विद्यालयों में लड़के और लड़कियां आवेदन कर सकती हैं। हालांकि, लखनऊ में कक्षा 9 के लड़कों के लिए केवल स्ववित्तपोषित सीटों का प्रावधान है।इसके अलावा, अभ्यर्थी और उसके पिता, दोनों का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य बताया गया है।









