Madarsa में लापरवाही की हद! सोते मिले शिक्षक, कई क्लास खाली

भागलपुर के नाथनगर प्रखंड स्थित मदरसा महमुदिया सिमरिया में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। 28 सितंबर को जिला कार्यक्रम....

Bhagalpur Madarsa: भागलपुर के नाथनगर प्रखंड स्थित मदरसा महमुदिया सिमरिया में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। 28 सितंबर को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) एसएसए महेश प्रसाद के औचक निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। निरीक्षण के दौरान कुछ शिक्षक कक्षा में सोते हुए मिले, जबकि कुछ कर्मचारी आपस में बातचीत करते नजर आए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीपीओ ने मदरसे के प्रधानाध्यापक से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

हेडमास्टर समेत कुछ कर्मचारी बिना हस्ताक्षर के अनुपस्थित

मदरसा महमुदिया सिमरिया में कुल 10 शिक्षक, एक लिपिक और दो परिचारी तैनात हैं। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक मो. निसार अहमद उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए बिना अनुपस्थित मिले।

इसके अलावा शिक्षक मो. तैयब अंसारी और परिचारी मो. गोहरतसीम मदरसे में मौजूद थे, लेकिन उपस्थिति पंजी में उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं थी। डीपीओ की रिपोर्ट में शिक्षकों की कार्यशैली को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की गई है।

कई कक्षाओं में एक भी छात्र नहीं मिला

निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई। मदरसे में करीब 100 बच्चों के नामांकन की जानकारी दी गई थी, लेकिन मौके पर केवल 23 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले।

कक्षा एक में आठ और कक्षा पांच में 15 छात्र मौजूद थे। वहीं कक्षा 2, 3, 4 और 6 से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं में कोई छात्र उपस्थित नहीं मिला।

डीपीओ के अनुसार, भौतिक सत्यापन के दौरान छात्र उपस्थिति पंजी भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे मदरसे में नियमित पठन-पाठन और छात्रों की वास्तविक उपस्थिति को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

एक साथ बैठाए गए छोटे बच्चे

निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, मदरसे की ऊपरी मंजिल पर बने तीन कमरों में छोटे बच्चों को एक साथ बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। रिपोर्ट में इसे नियमित शिक्षण व्यवस्था के बजाय केवल औपचारिकता पूरी करने जैसा बताया गया।

डीपीओ ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि शिक्षकों की ओर से बच्चों की पढ़ाई और उन्हें तालीम देने में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाई जा रही थी। कक्षा में शिक्षकों के सोने और आपस में बातचीत करने की स्थिति भी निरीक्षण के दौरान सामने आई।

मिड-डे मील की व्यवस्था भी मिली गड़बड़

निरीक्षण में मध्याह्न भोजन (MDM) की व्यवस्था में भी अनियमितता सामने आई। मदरसे में तय मेन्यू के अनुसार भोजन संचालित होता नहीं मिला। हालांकि शिक्षकों की ओर से भोजन दिए जाने की बात कही गई।

इसके अलावा शिक्षक उपस्थिति पंजी का भी निरीक्षण के दौरान उचित तरीके से सत्यापन नहीं हो सका।

48 घंटे में मांगा गया स्पष्टीकरण

निरीक्षण के बाद डीपीओ ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर 48 घंटे के भीतर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। विभाग अब प्रधानाध्यापक के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!