Sohrabuddin Case: बरी हुए 22 आरोपी, अब SC में आया बड़ा नया मोड़

सुप्रीम कोर्ट ने 2005 के सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले में 22 आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई...

Sohrabuddin Case: सुप्रीम कोर्ट ने 2005 के सोहराबुद्दीन शेख एनकाउंटर मामले में 22 आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ दाखिल याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति जताई है। बॉम्बे हाई कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें 21 पुलिस अधिकारियों समेत सभी 22 आरोपियों को राहत दी गई थी। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने सोहराबुद्दीन शेख के भाई नयाबुद्दीन शेख की याचिका पर नोटिस जारी किया। पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल हैं। याचिका में बॉम्बे हाई कोर्ट के 7 मई के फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें आरोपियों की रिहाई को बरकरार रखा गया था।

चुनिंदा गवाहों के बयान देखेगा सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया कि वह मामले में बरी किए जाने से जुड़े कुछ अहम गवाहों के बयान की जांच करेगा। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अदालत फिलहाल पूरा रिकॉर्ड नहीं मंगाएगी, बल्कि जरूरी माने जाने वाले तीन-चार बयानों को देखा जाएगा। इसके आधार पर बरी किए जाने के फैसले की समीक्षा की जाएगी। सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने अभियोजन पक्ष के 92 गवाहों के अपने बयान से पीछे हटने को गंभीरता से लेने वाला मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि इस पहलू से यह भी जांचना जरूरी है कि मामले की सुनवाई निष्पक्ष और न्यायसंगत तरीके से हुई थी या नहीं।

22 आरोपियों में 21 पुलिस अधिकारी

इस मामले में बरी किए गए 22 लोगों में 21 गुजरात और राजस्थान पुलिस से जुड़े अधिकारी थे। एक अन्य आरोपी गुजरात स्थित उस फार्महाउस का मालिक था, जिसके बारे में अभियोजन पक्ष ने दावा किया था कि वहां सोहराबुद्दीन और उनकी पत्नी कौसर बी को कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से रखा गया था।

क्या था पूरा मामला?

अभियोजन के मुताबिक, सोहराबुद्दीन शेख, उनकी पत्नी कौसर बी और उनके साथी तुलसीराम प्रजापति 22-23 नवंबर 2005 की रात बस से हैदराबाद से महाराष्ट्र के सांगली जा रहे थे। इसी दौरान एक पुलिस टीम ने उन्हें कथित रूप से हिरासत में लिया। आरोप के अनुसार, तीनों को अलग-अलग वाहनों में ले जाया गया। सीबीआई के मुताबिक, 26 नवंबर 2005 को अहमदाबाद के पास गुजरात और राजस्थान पुलिस के साथ हुई कथित मुठभेड़ में सोहराबुद्दीन की जान चली गई। इसके कुछ दिन बाद कौसर बी की भी हत्या किए जाने का आरोप लगा। तुलसीराम प्रजापति उस समय उदयपुर सेंट्रल जेल में बंद था और उसे इस मामले का अहम गवाह माना जाता था। 27 दिसंबर 2006 को गुजरात-राजस्थान सीमा के पास हुई एक पुलिस मुठभेड़ में उसकी भी जान चली गई।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!