Surat Crime: 30 हजार की उधारी ने दोस्त को बनाया कातिल
गुजरात के सूरत से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां महज 30 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक व्यक्ति ने अपने ही सहकर्मी की जान ले...

आरोपी की पहचान सचित कुमार नरेंद्र बाल के रूप में हुई है। वह ओडिशा का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतक एक ही पावरलूम कंपनी में काम करते थे और पिछले करीब छह महीने से साथ जुड़े हुए थे।
कब्रिस्तान में मिला बिना सिर का शव
इस मामले का खुलासा 3 नवंबर को हुआ, जब पुलिस कंट्रोल रूम को गोटलावाड़ी चौराहे के नजदीक स्थित एक कब्रिस्तान में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति का बिना कपड़ों और सिर के शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मृतक की पहचान करने के साथ आरोपी की तलाश तेज कर दी।
30 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह पैसों का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक ने सचित से 30 हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। माना जा रहा है कि इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने अपने सहकर्मी की हत्या कर दी।
रेलवे ट्रैक के पास से बरामद हुआ कटा हुआ सिर
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कब्रिस्तान से लगभग तीन किलोमीटर दूर अलकापुरी रेलवे ब्रिज के नीचे रेलवे पटरियों के पास से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया।
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, हत्या वारदात सामने आने से करीब दो दिन पहले की गई थी। फिलहाल शव और सिर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।









