Tirhut MLC Election: प्रशांत किशोर का बड़ा वादा, शिक्षकों को मिलेगा 7वां वेतनमान!

जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर गुरुवार को आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी.....

Tirhut MLC Election: जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर गुरुवार को आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार श्याम नंदन यादव और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. विमोहन कुमार के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की।

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने शिक्षकों के वेतनमान से जुड़ा बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी को समर्थन मिलता है तो लोकसभा चुनाव से पहले शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने की जिम्मेदारी वह खुद लेंगे।

10 हजार युवाओं को रोजगार देने का वादा

प्रशांत किशोर ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर युवाओं के लिए भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अगर करीब छह लाख शिक्षक एक साथ अपनी मांगों को लेकर खड़े हो जाएं तो बिहार की कोई भी राजनीतिक पार्टी उनकी समस्याओं की अनदेखी नहीं कर सकती।

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले सातवां वेतनमान शिक्षकों के लिए जरूरी है। उन्होंने तर्क दिया कि दिल्ली में सरकार बनाने के लिए बिहार में चुनावी समर्थन हासिल करना राजनीतिक दलों की मजबूरी है।

NDA और RJD पर साधा निशाना

प्रशांत किशोर ने इस दौरान एनडीए और आरजेडी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से एनडीए की सरकारें सत्ता में रही हैं, लेकिन शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने की दिशा में कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।

उन्होंने आरजेडी पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि 2020 के विधानसभा चुनाव में समान काम, समान वेतन के मुद्दे को लेकर समर्थन मांगा गया था, लेकिन बाद में तेजस्वी यादव और के. चंद्रशेखर यादव के शिक्षा मंत्री रहने के दौरान शिक्षकों की इस मांग पर कोई प्रभावी फैसला नहीं लिया गया।

बोले- सरकार को जवाबदेह बनाने का चुनाव

प्रशांत किशोर ने कहा कि एमएलसी चुनाव का उद्देश्य सरकार बनाना या गिराना नहीं है। उनके मुताबिक, यह चुनाव जाति या किसी राजनीतिक दल के नेता को सदन में भेजने के लिए भी नहीं होना चाहिए।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वेतनमान, बच्चों के रोजगार और सरकार की जवाबदेही जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के जरिए सरकार से अपने अधिकारों और समस्याओं पर जवाब मांगा जाना चाहिए।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!