Weather Alert: पूर्वांचल में बदला मौसम, बारिश के बीच तेजी से गिरा तापमान
वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। घने बादलों, तेज हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने....

Weather Alert: वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। घने बादलों, तेज हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार शाम से ही पूर्वांचल में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया था। शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और सुबह से तेज हवाओं के बीच कई जगहों पर बूंदाबांदी और फुहारें पड़ती रहीं। दिन बढ़ने के साथ मौसम का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
शनिवार तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार तक पूर्वांचल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले सप्ताह भी आसमान में बादलों की आवाजाही बने रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मानसून की विदाई से पहले क्षेत्र में कुछ समय तक बादल और बारिश का दौर जारी रह सकता है। आने वाले 48 घंटों के दौरान भी मौसम में फिलहाल बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। तेज हवाओं और बारिश का असर कई इलाकों में देखने को मिल सकता है।
वाराणसी में 27 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान वाराणसी में अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। इस दौरान वाराणसी में करीब 7.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हवा में नमी का स्तर भी काफी अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 98 फीसदी और न्यूनतम 93 फीसदी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही और बारिश का सिलसिला बना रह सकता है।









