Child Care: बच्चे के मुंह से आती है बदबू? जानें 3 बड़ी वजह और उपाय

कई माता-पिता इस समस्या को लेकर परेशान रहते हैं। पीडियाट्रिशियन संतोष यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए एक वीडियो में बच्चों के...

बच्चों के मुंह से कभी-कभी दुर्गंध आना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर लगातार ब्रश कराने और ओरल हाइजीन का ध्यान रखने के बावजूद सांसों से बदबू आती रहे, तो इसके पीछे कोई खास वजह हो सकती है। कई माता-पिता इस समस्या को लेकर परेशान रहते हैं। पीडियाट्रिशियन संतोष यादव ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए एक वीडियो में बच्चों के मुंह से बदबू आने के कुछ सामान्य कारण और इससे बचाव के तरीके बताए हैं।

इन 3 वजहों से बच्चों के मुंह से आ सकती है बदबू

डॉक्टर संतोष यादव के मुताबिक, अगर बच्चे को नियमित रूप से ब्रश कराने के बाद भी उसके मुंह से लगातार दुर्गंध आ रही है, तो इसके पीछे मुख्य रूप से इन तीन कारणों में से कोई एक हो सकता है।

1. नाक में कोई चीज फंस जाना

छोटे बच्चे खेलते या खाते समय कई बार अनजाने में छोटी वस्तुएं नाक में डाल लेते हैं। इनमें मूंगफली का टुकड़ा, छोटा मोती या कागज जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। अगर कोई वस्तु नाक के अंदर फंस जाए और वहां संक्रमण हो जाए, तो बच्चे की सांस या मुंह से तेज बदबू आने लग सकती है। ऐसे में अगर बच्चे की सांसों से लंबे समय तक तेज दुर्गंध आ रही है, तो उसकी नाक भी जरूर चेक करनी चाहिए।

2. दांतों में कैविटी या मुंह का इंफेक्शन

बच्चों में दांतों की कैविटी की समस्या काफी आम होती है। दांत में सड़न होने पर भी मुंह से दुर्गंध आ सकती है। इसके अलावा मुंह में संक्रमण, छाले या साइनस से जुड़ी परेशानी भी सांसों में बदबू की वजह बन सकती है। अगर बच्चे के मुंह से काफी समय से बदबू आ रही है, तो उसके दांतों और मुंह की अच्छी तरह जांच करें। समस्या बनी रहने पर डॉक्टर या डेंटल एक्सपर्ट की सलाह लेना उचित है।

3. शरीर में पानी की कमी

बच्चे के मुंह से बदबू आने की एक आम वजह पर्याप्त पानी नहीं पीना भी हो सकती है। जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो मुंह में लार का उत्पादन कम हो सकता है। लार कम होने पर मुंह में बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं, जिससे सांसों में दुर्गंध महसूस होने लगती है।

इसलिए बच्चे की उम्र और जरूरत के अनुसार उसे पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहना जरूरी है। अगर पानी की कमी ही बदबू की वजह है, तो पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से समस्या में सुधार हो सकता है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!