Pregnancy Weight Gain: बच्चे के जन्म के बाद क्यों बदल जाती है महिलाओं की बॉडी?

प्रेग्नेंसी के दौरान महिला के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। बच्चे के जन्म के बाद भी ये बदलाव तुरंत खत्म नहीं होते। यही वजह है कि.....

Pregnancy Weight Gain: प्रेग्नेंसी के दौरान महिला के शरीर में कई तरह के बदलाव होते हैं। बच्चे के जन्म के बाद भी ये बदलाव तुरंत खत्म नहीं होते। यही वजह है कि डिलीवरी के बाद कई महिलाओं का वजन बढ़ा हुआ रहता है या पहले के मुकाबले तेजी से बढ़ने लगता है। अक्सर महिलाएं इस बदलाव को लेकर परेशान रहती हैं और वजन कम करने के तरीके तलाशती हैं। लेकिन आखिर इसके पीछे कौन-से कारण जिम्मेदार होते हैं? आइए डॉक्टर से समझते हैं।

प्रेग्नेंसी के बाद वजन बढ़ने की क्या है वजह?

फरीदाबाद स्थित फोर्टिस अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की निदेशक डॉ. नीति कौतिश के मुताबिक, डिलीवरी के बाद वजन बढ़ने के पीछे शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलाव और रोजमर्रा की जिंदगी में आए परिवर्तन अहम भूमिका निभाते हैं। गर्भावस्था के दौरान शरीर बच्चे के विकास और भविष्य में स्तनपान की जरूरतों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त फैट जमा करता है। बच्चे के जन्म के बाद यह फैट तुरंत कम नहीं होता, जिसके कारण वजन पहले जैसा होने में समय लग सकता है।

इसके अलावा, गर्भावस्था के बाद एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन के स्तर में बदलाव आता है। इनका असर भूख, मेटाबॉलिज्म और शरीर में फैट जमा होने की प्रक्रिया पर पड़ सकता है। कुछ महिलाओं को डिलीवरी के बाद पोस्टपार्टम थायरॉइडाइटिस की परेशानी भी हो सकती है। इस स्थिति में थायरॉइड ग्रंथि में सूजन आ जाती है, जिसका असर शरीर के वजन पर भी दिखाई दे सकता है।

नींद की कमी और तनाव भी हैं बड़े कारण

बच्चे के जन्म के बाद मां की दिनचर्या पूरी तरह बदल जाती है। नवजात की देखभाल के चलते महिलाओं को कई बार पर्याप्त नींद नहीं मिल पाती। साथ ही, नियमित समय पर खाना खाने और अपनी फिटनेस के लिए समय निकालना भी मुश्किल हो जाता है।

नींद पूरी न होने से शरीर में भूख को नियंत्रित करने वाले हार्मोन प्रभावित हो सकते हैं। इसके कारण बार-बार भूख लगना और ज्यादा खाने की इच्छा होना संभव है। वहीं, नई जिम्मेदारियों का दबाव, मानसिक तनाव और प्रसव के बाद होने वाले भावनात्मक बदलाव भी खान-पान की आदतों पर असर डाल सकते हैं। इन सभी वजहों से वजन कम करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

क्या स्तनपान कराने से कम होता है वजन?

स्तनपान के दौरान महिला के शरीर को पहले से अधिक ऊर्जा की जरूरत होती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर महिला का वजन स्तनपान कराने से कम ही होगा। कुछ महिलाओं में इस दौरान वजन घटता है, जबकि कुछ का वजन लंबे समय तक लगभग समान बना रहता है। हर महिला का शरीर अलग तरीके से प्रतिक्रिया करता है, इसलिए वजन में बदलाव भी अलग-अलग हो सकता है।

डिलीवरी के बाद वजन कम करने के लिए क्या करें?

डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे के जन्म के तुरंत बाद वजन घटाने की कोशिश में जल्दबाजी करना सही नहीं है। इस दौरान क्रैश डाइटिंग और जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। मां और बच्चे दोनों की सेहत को ध्यान में रखते हुए वजन कम करने की प्रक्रिया धीरे-धीरे अपनानी चाहिए।

इसके लिए पौष्टिक और संतुलित भोजन करें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और डॉक्टर की अनुमति मिलने के बाद हल्की शारीरिक गतिविधियां शुरू करें। धीरे-धीरे नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है।

अगर डिलीवरी के बाद वजन लगातार बढ़ रहा है या इसके साथ असामान्य थकान जैसे लक्षण भी महसूस हो रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी है, ताकि जरूरत पड़ने पर थायरॉइड समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा सके।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!