Supreme Court ने खोले दरवाजे, लॉ ग्रेजुएट्स के लिए आया सुनहरा अवसर
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

Supreme Court: भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने साल 2026 के लिए लॉ क्लर्क-कम-रिसर्च एसोसिएट पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया (SCI) की ओर से जारी इस भर्ती का नोटिफिकेशन आधिकारिक वेबसाइट sci.gov.in पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और योग्य उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर मानी जा रही है जो कानून के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं और देश की सर्वोच्च न्यायिक संस्था के साथ काम करने का अनुभव हासिल करना चाहते हैं।
योग्यता क्या होनी चाहिए?
लॉ क्लर्क पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से एलएलबी (LLB) की डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का बार काउंसिल ऑफ इंडिया में एडवोकेट के रूप में पंजीकृत होना अनिवार्य है। हालांकि, वे उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र हैं जो पांच वर्षीय लॉ कोर्स के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे हैं, या तीन वर्षीय एलएलबी कोर्स के अंतिम वर्ष में हैं।ऐसे अभ्यर्थियों को चयन के बाद नियुक्ति से पहले अपनी डिग्री पूरी करनी होगी। इसके अलावा, उम्मीदवार को कंप्यूटर के बुनियादी ज्ञान का होना भी आवश्यक है।
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 7 फरवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को आयु में छूट से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी गई है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी?
सुप्रीम कोर्ट लॉ क्लर्क भर्ती की चयन प्रक्रिया कुल तीन चरणों में होगी।
पहले चरण में MCQ आधारित परीक्षा ली जाएगी, जिसमें उम्मीदवार की कानूनी समझ, तर्कशक्ति और विश्लेषण क्षमता को परखा जाएगा। दूसरे चरण में लिखित परीक्षा होगी, जहां लेखन कौशल और कानूनी विचारों की स्पष्टता देखी जाएगी।
अंतिम चरण में इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
वेतन और अन्य जानकारी
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने आकर्षक मानदेय दिया जाएगा, जो एक लाख रुपये तक हो सकता है। परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Price: एक रात में बढ़ गई कीमतें, सोना-चांदी ने किया हैरान









