नौकरी छोड़ी हो या निकाले गए हों, कंपनी 2 दिन में देगी पूरा बकाया, जानिए पूरा नियम
नौकरी मिलने के बाद भी यह तय नहीं होता कि वह कब तक चलेगी। कई बार कंपनी की जरूरत कम होने पर कर्मचारी को हटा दिया जाता है

देश में बड़ी संख्या में लोग नौकरीपेशा हैं। 9 से 5 की नौकरी करने वालों का दायरा लगातार बढ़ रहा है, लेकिन नौकरी मिलना आज भी लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। कंपनियों में भर्तियों की संख्या कम होती है, जबकि आवेदन करने वालों की लाइन लंबी रहती है। खासकर प्राइवेट सेक्टर में इंटरव्यू पास करना, फिर अच्छी सैलरी तय होना—इन सब चरणों से गुजरने के बाद ही नौकरी मिल पाती है।
हालांकि, नौकरी मिलने के बाद भी यह तय नहीं होता कि वह कब तक चलेगी। कई बार कंपनी की जरूरत कम होने पर कर्मचारी को हटा दिया जाता है, तो कई लोग बेहतर ऑफर मिलने पर खुद नौकरी बदल लेते हैं। ऐसे में नौकरी छोड़ने या हटाए जाने के बाद फुल एंड फाइनल (FNF) सेटलमेंट के लिए 30 से 60 दिन तक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह बदलने जा रही है। सरकार ने नए लेबर कोड के तहत नियमों में बड़ा बदलाव किया है। आइए समझते हैं कि नए प्रावधानों के अनुसार अब कितने समय में FNF राशि मिलेगी। मौजूदा व्यवस्था में, अगर कोई कर्मचारी इस्तीफा देता है या उसे हटाया जाता है, तो कंपनी को 30 दिन के भीतर पूरा सेटलमेंट करना चाहिए था। फिर भी, कई प्राइवेट कंपनियां इसे 45 दिन या 60 दिन तक बढ़ा देती थीं, जिससे कर्मचारियों को काफी परेशानी होती थी।
नए लेबर कोड के मुताबिक अब सभी श्रमिकों और कर्मचारियों को उनके फुल एंड फाइनल सेटलमेंट की राशि आधिकारिक तौर पर सिर्फ दो वर्किंग डेज के भीतर प्रदान करनी अनिवार्य होगी। ये 2 दिन वही होंगे जिन दिनों कंपनी में काम होता है। कर्मचारी चाहे अपनी इच्छा से इस्तीफा दे रहा हो, निकाला जा रहा हो, डिसमिस किया गया हो या रिट्रेन्चमेंट हुआ हो—हर परिस्थिति में दो कार्य दिवस के भीतर FNF देना जरूरी रहेगा। वेज कोड 2019 की धारा 17(2) में यह स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारी के अंतिम कार्य दिवस के तुरंत बाद दो वर्किंग डेज के भीतर उसकी पूरी बकाया वेतन राशि देना आवश्यक है। इस बदलाव से कर्मचारियों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी और कंपनियां वेतन रोककर मनमानी नहीं कर सकेंगी।
फुल एंड फाइनल में नोटिस पीरियड की सैलरी, छुट्टियों का भुगतान और अन्य बकाया रकम शामिल होती है। हालांकि, ग्रेच्युटी जैसी सुविधाएं पहले से तय नियमों के अनुसार ही मिलती रहेंगी।









