Rajgarh Bus Accident: ब्रिज से टकराई स्लीपर बस, 4 की मौत; 12 घायल
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्यावरा बाईपास पर इंदौर रोड की ओर जाने वाले घुमावदार ब्रिज पर एक ....

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ब्यावरा बाईपास पर इंदौर रोड की ओर जाने वाले घुमावदार ब्रिज पर एक स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर सीमेंट-कंक्रीट की सुरक्षा दीवार से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि बस में सवार कुछ यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे। दुर्घटना में ड्राइवर समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर घायलों में कुछ को इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
ब्रिज के मोड़ पर बिगड़ा बस का संतुलन
जानकारी के मुताबिक, स्लीपर कोच बस नंबर NL 01 D 3436 लखनऊ से उज्जैन होते हुए इंदौर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बस ब्यावरा बाईपास पर पहुंची। इंदौर रोड की तरफ जाने वाले ब्रिज पर करीब 90 डिग्री का घुमावदार मोड़ है। बताया जा रहा है कि चालक मोड़ का सही अंदाजा नहीं लगा पाया। बस को मोड़ने की कोशिश के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ब्रिज की सीमेंट-कंक्रीट की बाउंड्री से जा टकराई। टक्कर के बाद बस दीवार से रगड़ खाते हुए आगे बढ़ती चली गई। इस दौरान बस की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए और कुछ यात्री बस से बाहर गिरकर ब्रिज के नीचे तथा सड़क किनारे जा गिरे।
हादसे में ड्राइवर समेत 4 लोगों की मौत
दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों में कर्नाटक, बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले यात्री शामिल हैं।
मृतकों की पहचान रवि केबी (45), निवासी बैंगलुरु, कर्नाटक; बेलाल अली, निवासी गोपालगंज, बिहार; बस चालक विकास (निवासी फतेहपुर, उत्तर प्रदेश) और ज्योतिरादित्य, निवासी मध्य प्रदेश के रूप में बताई गई है।
12 यात्री गंभीर रूप से घायल
हादसे में कुल 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में अमित कुमार प्रताप (40), उनकी पत्नी मीनू और 13 वर्षीय पुत्र रक्षित सिंह, जौनपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
इसके अलावा सुरेंद्र प्रताप (68), निवासी जौनपुर; 8 वर्षीय पार्थ, 42 वर्षीय रवि और 36 वर्षीय सुमन शर्मा, निवासी कानपुर; श्रीनिवास (50), निवासी बैंगलुरु; केशव (28), निवासी अलीगढ़; रमेश नायक, निवासी बैंगलुरु; सोनू, निवासी सीतापुर और विश्वनाथ (39), निवासी बैंगलुरु भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल अमित कुमार, सुरेंद्र प्रताप, सुमन शर्मा, श्रीनिवास और केशव को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। ब्यावरा शहर और ब्यावरा देहात थाने का पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
राजगढ़ के एसपी अमित कुमार तोलानी भी ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल लोगों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। कुछ समय बाद राज्य मंत्री नारायण सिंह पवार ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में ब्रिज के घुमावदार मोड़ पर बस के नियंत्रण से बाहर होने की बात सामने आई है। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









