Rampur News: नवरात्र व्रत के भोजन से बिगड़ी हालत, 5 लोग अस्पताल पहुंचे

उत्तर प्रदेश के रामपुर में नवरात्र के व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने पराठे खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई...

Rampur News:  उत्तर प्रदेश के रामपुर में नवरात्र के व्रत के दौरान कुट्टू के आटे से बने पराठे खाने के बाद एक ही परिवार के पांच सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां उचित देखभाल नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए वे बिना इलाज कराए चले गए। इसके बाद परिजनों ने निजी अस्पताल में उनका उपचार कराया। मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग ने कुट्टू के आटे और सोयाबीन रिफाइंड तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।

आधी रात को बिगड़ी पांच लोगों की तबीयत

यह मामला रामपुर के भोट क्षेत्र के रमपुरा गांव का है। यहां रहने वाले महेश कुमार के परिवार के ज्यादातर सदस्यों ने रविवार को व्रत रखा था। रात में व्रत का भोजन तैयार करने के लिए गांव के शंकर की दुकान से कुट्टू के आटे के दो पैकेट खरीदे गए। इसी आटे से पराठे बनाए गए, जिन्हें महेश कुमार, उनकी बड़ी बहू सुनीता, छोटी बहू आंचल और बेटियां पायल व प्रीति ने खाया।

रात करीब 12 बजे पांचों की तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके बाद परिजन उन्हें भोट के एक निजी अस्पताल ले गए। सोमवार सुबह एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, वहां देखभाल की व्यवस्था से असंतुष्ट होने का आरोप लगाते हुए वे बिना उपचार कराए लौट गए और बाद में निजी अस्पताल में इलाज कराया।

पहले भी कुट्टू का आटा खाने से बीमार हुए थे लोग

रामपुर में कुट्टू के आटे से लोगों की तबीयत बिगड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले नवरात्र के पहले व्रत के दौरान भी 25 से अधिक लोग बीमार पड़ गए थे। उस समय अलग-अलग गांवों और मोहल्लों के लोगों ने कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी, पूड़ी और पराठे खाए थे।

बीमार लोगों में से 25 से अधिक जिला अस्पताल पहुंचे थे, जबकि 12 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें भर्ती करना पड़ा था। उस घटना के बाद खाद्य विभाग ने बाजार में खुले तौर पर बिक रहे करीब पांच क्विंटल कुट्टू के आटे को नष्ट कराया था।

जिलाधिकारी ने दिए जांच और उपचार के निर्देश

रमपुरा गांव में पांच लोगों के बीमार होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को मरीजों का उचित उपचार सुनिश्चित करने और खाद्य विभाग को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।

सहायक आयुक्त खाद्य का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह के मुताबिक, विभाग की टीम को गांव भेजा गया था। परिवार से पूछताछ में पता चला कि कुट्टू का आटा शंकर की दुकान से खरीदा गया था, जबकि सोयाबीन रिफाइंड तेल भूपराम की दुकान से लिया गया था। टीम ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं।

बिना ब्रांड के पैकेट में बेचा जा रहा था आटा

खाद्य विभाग की शुरुआती पड़ताल में पता चला कि दुकानदार ने कुट्टू का आटा मिस्टन गंज की एक दुकान से 8 अक्टूबर को खरीदा था। इस आटे पर किसी ब्रांड का नाम नहीं था। कुट्टू के दाने पिसवाकर उन्हें पन्नी में पैक किया जाता था और इसी तरह ग्राहकों को बेचा जाता था। अधिकारियों के अनुसार, संबंधित दुकान से पहले ही कुट्टू का आटा नष्ट कराया जा चुका है।

टीम ने गांव के दूसरे घरों में भी जानकारी जुटाई, लेकिन वहां इस आटे को खाने से किसी अन्य व्यक्ति के बीमार होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल आटे और रिफाइंड तेल के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की ओर से दुकानों पर खुले खाद्य पदार्थ नहीं खरीदने के प्रति जागरूक करने वाले स्टीकर भी लगाए जा रहे हैं, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को खाद्य सुरक्षा के प्रति सतर्क किया जा सके।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!