आप को बड़ा झटका : राघव चड्ढा ने बदली सियासी पारी, BJP का थामा दामन

राजनीति। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐलान किया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के भीतर घुटन महसूस कर रहे थे।

राघव चड्ढा ने कहा कि जिस उद्देश्य और मूल्यों के साथ AAP की स्थापना हुई थी, पार्टी अब उस रास्ते से भटक चुकी है। उन्होंने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा, “मैं गलत पार्टी में सही आदमी था।” बताया जा रहा है कि वह अपने साथ सात सांसदों को भी BJP में लेकर जा रहे हैं, जिससे इस घटनाक्रम को बड़ा राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है।

राघव चड्ढा की प्रोफाइल और संपत्ति

राघव चड्ढा पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) रहे हैं और राज्यसभा सांसद के अलावा दिल्ली के राजेंद्र नगर से विधायक भी रह चुके हैं। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति करीब 50 लाख रुपये के आसपास बताई गई है। अगर संपत्ति का ब्योरा देखें, तो उनके पास दिल्ली में एक घर है, जिसकी अनुमानित कीमत 36 से 37 लाख रुपये है।

बैंक खातों में लगभग 30 से 40 हजार रुपये जमा हैं, जबकि शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में उनकी निवेश राशि 6 लाख रुपये से अधिक है। उनके पास 2009 मॉडल की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार है और करीब 90 ग्राम सोना भी है, जिसकी वर्तमान कीमत लगभग 13 लाख रुपये आंकी जाती है।

सैलरी और कमाई

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्यसभा सांसद के रूप में राघव चड्ढा को हर महीने करीब 1 लाख रुपये तक वेतन और भत्ते मिलते हैं। इसके अलावा उनके पास आय का कोई अन्य बड़ा स्रोत नहीं बताया गया है।

परिणीति चोपड़ा की संपत्ति से तुलना

वहीं, उनकी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा की कमाई और संपत्ति इससे कहीं अधिक है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी कुल नेटवर्थ लगभग 60 करोड़ रुपये के आसपास मानी जाती है। उनकी आय का मुख्य स्रोत फिल्में और ब्रांड एंडोर्समेंट हैं।

परिणीति चोपड़ा के पास मुंबई में एक लग्जरी घर है और उनके कार कलेक्शन में ऑडी A6, जगुआर एक्सजेएल और ऑडी Q5 जैसी प्रीमियम गाड़ियां शामिल हैं। वह बॉलीवुड की ए-लिस्ट अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और कई हिट फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं।

यह भी पढ़े : राजधानी के दो अलग-अलग इलाको में लगी आग,100 झुग्गियां जलकर राख

 

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!