Bihar Politics: अनंत सिंह पर JDU का बड़ा एक्शन, 6 साल के लिए बाहर

बिहार की राजनीति में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम...

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में मोकामा के विधायक अनंत सिंह को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। इसके साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी विधानसभा अध्यक्ष से की गई है।

यह कार्रवाई बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने और पार्टी नेतृत्व के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोपों के बाद की गई है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया।

पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कार्रवाई

जदयू की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अनंत सिंह ने पार्टी के निर्देशों की अनदेखी की। उन पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने तथा विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है।

पार्टी के मुताबिक, अनंत सिंह ने अपने दल के उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में प्रचार करने के बजाय उनके विरोध में प्रचार किया और दूसरे दल के प्रत्याशी का साथ दिया। इन आरोपों के आधार पर उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई और उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया।

विधानसभा सदस्यता खत्म करने की भी सिफारिश

जदयू ने अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी से निष्कासन के अलावा उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर भी कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से जारी आदेश में भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों के तहत विधानसभा अध्यक्ष से उनकी सदस्यता जल्द समाप्त करने की अनुशंसा की गई है।

हालांकि, विधानसभा सदस्यता पर अंतिम फैसला संबंधित संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा।

पत्नी नीलम देवी पर भी गिरी कार्रवाई की गाज

जदयू ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर दी है। उन्हें भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।

इस फैसले के बाद अनंत सिंह और नीलम देवी, दोनों का जदयू से संबंध समाप्त हो गया है।

जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन से बढ़ी थी तल्खी

विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच मतभेद सामने आए थे। अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार अनुज कुमार के पक्ष में प्रचार किया था। उनके इस कदम के बाद जदयू के भीतर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही थी। अब पार्टी ने दोनों के निष्कासन का आदेश जारी कर दिया है। वहीं, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!