BJP vs Congress: भाजपा का बड़ा हमला, कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा.....

BJP vs Congress: चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी गठबंधन INDIA के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा निशाना साधा है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस अब राजनीतिक मुद्दों को उठाने के बजाय सड़कों पर हंगामा कर मीडिया का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं का व्यवहार लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार अपना जनसमर्थन खो रही है और इसी वजह से सुर्खियों में बने रहने के लिए विरोध-प्रदर्शन का सहारा लिया जा रहा है।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग ने मंगलवार को कांग्रेस नेताओं से बातचीत के लिए बैठक का प्रस्ताव दिया था, लेकिन विपक्षी नेताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक अधिकारों की प्रक्रिया के बजाय अपने राजनीतिक प्रभाव के आधार पर चुनाव आयोग को जवाब देने के लिए मजबूर करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि संविधान के तहत मुख्य चुनाव आयुक्त, प्रधान न्यायाधीश या नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को संसद में उपस्थित होने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त को पार्टी सांसदों के सामने बुलाने की मांग की जा रही है।

राहुल गांधी पर महिला पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की का आरोप

इस बीच भाजपा ने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पर एक महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर धक्का देने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है। भाजपा के मुताबिक, उस समय महिला पुलिसकर्मी एक महिला प्रदर्शनकारी को वहां से हटाने का प्रयास कर रही थी।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कथित घटना का एक वीडियो भी साझा किया। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वीडियो बनाने और प्रचार पाने की जल्दबाजी में उन्होंने महिला पुलिसकर्मी को धक्का देने का प्रयास किया।

भाजपा के इन आरोपों पर खबर लिखे जाने तक कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!