Civic Elections: निकाय चुनाव में Gen-Z का जलवा, नेहा-फैज बने पार्षद
राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों में इस बार युवा चेहरों ने खास तौर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। Gen-Z के दो 21 वर्षीय उम्मीदवारों ने.......

Civic Elections: राजस्थान के हालिया निकाय चुनावों में इस बार युवा चेहरों ने खास तौर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। Gen-Z के दो 21 वर्षीय उम्मीदवारों ने पार्षद का चुनाव जीतकर स्थानीय राजनीति में युवाओं की बढ़ती भागीदारी की ओर ध्यान खींचा है। अलवर जिले की थानागाजी नगर पालिका से 21 साल 4 महीने की नेहा शर्मा ने जीत हासिल की, जबकि जयपुर नगर निगम के वार्ड 71 से 21 वर्षीय फैज हसन चुनाव जीतकर पार्षद बने। दोनों की जीत को स्थानीय राजनीति में युवा नेतृत्व के बढ़ते प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है।
नेहा शर्मा की 101 वोटों से जीत
थानागाजी नगर पालिका से बीजेपी के टिकट पर मैदान में उतरी नेहा शर्मा ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी को 101 मतों से हराया। उनकी जीत को थानागाजी में बीजेपी के लिए अहम परिणाम माना जा रहा है। राजनीति में आने से पहले नेहा करीब चार साल तक पत्रकारिता से जुड़ी रही थीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अब चुनाव जीतने के बाद वह खुद लोगों का प्रतिनिधित्व करेंगी। चुनावी जीत के बाद थानागाजी नगरपालिका के चेयरमैन पद को लेकर भी नेहा का नाम चर्चा में है।
फैज हसन भी बने युवा पार्षद
जयपुर नगर निगम के वार्ड 71 से कांग्रेस उम्मीदवार फैज हसन ने 21 साल की उम्र में जीत दर्ज की। उन्होंने चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद सलीम को पीछे छोड़ा, जबकि बीजेपी उम्मीदवार निशा गौड़ तीसरे स्थान पर रहीं। जयपुर जैसे बड़े नगर निगम में इतनी कम उम्र में जीत हासिल करना फैज के राजनीतिक सफर की बड़ी शुरुआत मानी जा रही है।
जयपुर में बीजेपी ने हासिल किया बहुमत
150 वार्ड वाले जयपुर नगर निगम के चुनावी परिणामों में बीजेपी ने 78 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत का आंकड़ा पार किया। कांग्रेस को 53 सीटें मिलीं, जबकि 15 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। हालांकि, 146 वार्डों के नतीजे सामने आने के बाद भी चार वार्डों के पांच बूथों पर दोबारा मतदान होना बाकी बताया गया है।
कई बड़े नामों को मिली हार
निकाय चुनाव में जहां युवाओं की जीत चर्चा में रही, वहीं कुछ अनुभवी राजनीतिक चेहरों को हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल वार्ड 110 से चुनाव हार गईं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुईं ज्योति को कांग्रेस की सुनीता मेठी ने हराया। वार्ड 76 में बीजेपी के पुनीत कर्णावत ने जीत हासिल की। उनके नाम की चर्चा जयपुर के अगले मेयर पद के संभावित दावेदारों में भी हो रही है। वार्ड 87 से बीजेपी की प्रतिभा शर्मा ने जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 146 में AIMIM-RLP गठबंधन की उम्मीदवार फिरोज बानो विजयी रहीं।
वार्ड 113 में सबसे बड़ी जीत
चुनाव में सबसे बड़े अंतर की जीत वार्ड 113 में देखने को मिली, जहां निर्दलीय उम्मीदवार गजनफर अली ने 10,014 वोटों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। वहीं, वार्ड 20 में मतगणना के दौरान दोबारा गिनती की मांग को लेकर कांग्रेस समर्थकों ने विरोध भी किया। बाद में प्रशासनिक स्तर पर स्थिति को संभाल लिया गया। इन सभी राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच नेहा शर्मा और फैज हसन की जीत सबसे ज्यादा चर्चा में रही। महज 21 साल की उम्र में दोनों का पार्षद बनना राजस्थान की स्थानीय राजनीति में नई पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी का संकेत माना जा रहा है।









