राजयसभा में बड़ा उलटफेर : आप के 7 सांसद भाजपा में शामिल

राजनीतिक घटनाक्रम के तहत सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है।

राजनीति।

राज्यसभा में एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तहत सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने आम आदमी पार्टी (आप) के सात सांसदों के भाजपा में विलय को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद उच्च सदन में आप की स्थिति कमजोर होती नजर आ रही है और संसद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इन सांसदों को अब भाजपा सदस्य के रूप में दर्ज कर दिया गया है।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आप नेता संजय सिंह ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पहले अशोक मित्तल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाती थी और अब उन्हें अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है। संजय सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने सभापति को पत्र लिखकर संविधान की 10वीं अनुसूची के तहत इन सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है, लेकिन अब तक उनकी याचिका पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, इन सातों सांसदों ने शुक्रवार को सभापति को पत्र सौंपकर खुद को भाजपा का हिस्सा मानने की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इस फैसले को आप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इन सांसदों ने पार्टी पर अपने मूल सिद्धांतों और विचारधारा से भटकने का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया।

इस पूरे मामले में राघव चड्ढा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कहा कि उनका यह फैसला निजी लाभ के लिए नहीं, बल्कि सिद्धांतों के आधार पर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अब ऐसे लोगों के हाथों में चली गई है जो निजी फायदे के लिए काम कर रहे हैं। चड्ढा ने कहा कि वे जनता के मुद्दों को पहले से ज्यादा मजबूती के साथ उठाते रहेंगे।

वहीं, आप ने रविवार को सभापति के समक्ष याचिका दाखिल कर इन सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। पार्टी की ओर से इस मुद्दे को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़े :  किताबें बाहर से खरीदने पर भड़की प्रिंसिपल, अभिभावक से की बदसलूकी

Tez Tarrar News
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!