UP News: यूपी चुनाव में कांग्रेस का बड़ा प्लान, 200 से ज्यादा सीटों की तैयारी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। पार्टी ने फिलहाल 200 से अधिक सीटों पर चुनाव...

बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस अभी 200 से ज्यादा सीटों को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी करेगी। हालांकि, समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की संभावनाओं को भी खुला रखा जाएगा। सीटों के बंटवारे पर अंतिम निर्णय दोनों दलों का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर भी चर्चा
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम लगातार गठबंधन में बराबरी और सम्मानजनक भागीदारी की बात कर रहे हैं। वहीं, सपा की ओर से कांग्रेस को करीब 50 से 55 सीटें दिए जाने की चर्चा सामने आई है। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर अंतिम सहमति अभी बाकी है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस की ओर से भी गठबंधन को लेकर पहले बयान दिए जा चुके हैं। सोमवार को दिल्ली में हुई बैठक के दौरान कांग्रेस ने उन विधानसभा क्षेत्रों की सूची तैयार करने की रणनीति पर विचार किया, जहां पार्टी अपनी स्थिति मजबूत मानती है और जीत की संभावना देख रही है।
इस बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद भी शामिल हुए। नेताओं ने प्रदेश में पार्टी की चुनावी तैयारियों, संभावित मजबूत सीटों और समाजवादी पार्टी के साथ सीटों के तालमेल पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा, संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।
दिल्ली की रैली में यूपी से जुटेंगे 25 हजार कार्यकर्ता
कांग्रेस ने दिल्ली में होने वाली अपनी रैली के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित इस रैली में उत्तर प्रदेश से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है।
यह रैली वोट चोरी के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। प्रियंका गांधी ने प्रदेश के नेताओं को निर्देश दिया है कि उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
रैली के बाद कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को और तेज करने की तैयारी में है। इसके साथ ही संगठन में बदलाव और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए भी कदम उठाए जा सकते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की कोशिश है कि प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की जाए और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत में पार्टी की दावेदारी प्रभावी बनी रहे।









