Cricket Record: 100 किमी दौड़कर गेंद फेंकी, सैम ने रचा इतिहास
सैम ने यह चुनौती सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं, बल्कि कैंसर से जूझ रहे मरीजों की मदद के लिए भी पूरी की। उनके इस अभियान के जरिए करीब 6,000...

इंग्लैंड के सैम बोडोआनो ने क्रिकेट की दुनिया में एक बेहद अनोखा कारनामा किया है। उन्होंने गेंद फेंकने से पहले करीब 100 किलोमीटर तक दौड़ लगाई और इसके बाद गेंदबाजी की। सैम ने यह चुनौती करीब 14 घंटे में पूरी की। अब उन्होंने अपने इस प्रयास को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है।
सैम ने यह चुनौती सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं, बल्कि कैंसर से जूझ रहे मरीजों की मदद के लिए भी पूरी की। उनके इस अभियान के जरिए करीब 6,000 पाउंड यानी लगभग 7.65 लाख रुपये जुटाए गए। यह राशि पूर्व इंग्लिश कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस की दिवंगत पत्नी रूथ की याद में बनाए गए द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन को दी जाएगी।
लॉर्ड्स से वोकिंग तक दौड़े
सैम बोडोआनो ने 29 और 30 अगस्त की रात अपनी चुनौती की शुरुआत लंदन के मशहूर लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड से की। क्रिकेट की सफेद ड्रेस में उन्होंने लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय की और सरे के वोकिंग स्थित वैली एंड क्रिकेट क्लब पहुंचे। इस पूरी दूरी को तय करने में उन्हें करीब 14 घंटे लगे। वोकिंग पहुंचने के बाद उन्होंने अपने लंबे रनअप को पूरा करते हुए गेंद फेंकी।
पुराने रिकॉर्ड से चार गुना से ज्यादा लंबा रनअप
सैम का दावा है कि उन्होंने 2024 में बनाए गए टॉम डन के करीब 24 किलोमीटर के रनअप वाले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, इस उपलब्धि को अभी आधिकारिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का दर्जा नहीं मिला है। सैम ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के लिए अपना आवेदन जमा कर दिया है। अब उनके प्रयास की आधिकारिक जांच और सत्यापन किया जाएगा। नियमों के मुताबिक, सभी आवश्यक सबूतों और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही इस प्रयास को आधिकारिक मान्यता मिल सकेगी। इस प्रक्रिया में करीब दो सप्ताह लगने की उम्मीद है।
एंड्रयू स्ट्रॉस की पत्नी की याद में उठाया कदम
सैम बोडोआनो के इस अभियान का मकसद कैंसर चैरिटी के लिए धन जुटाना भी था। उन्होंने जो 6,000 पाउंड जुटाए हैं, वह द रूथ स्ट्रॉस फाउंडेशन को दिए जाएंगे। इस फाउंडेशन की स्थापना इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस ने अपनी पत्नी रूथ की याद में की थी। रूथ स्ट्रॉस का 46 वर्ष की उम्र में फेफड़ों के एक दुर्लभ प्रकार के कैंसर से निधन हो गया था।
बोले- थक गया हूं, लेकिन मकसद खास था
करीब 100 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद सैम ने अपने अनुभव के बारे में बताया कि पूरे सफर के दौरान गेंद को संभालकर रखना आसान नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि सफेद क्रिकेट ड्रेस पहनना उनकी उम्मीद से कम परेशानी वाला रहा। सैम के मुताबिक, वह इस चुनौती के बाद काफी थक चुके हैं और उनकी नींद भी पूरी नहीं हुई है। हालांकि, उनका कहना है कि इतने खास उद्देश्य के लिए यह प्रयास करना उनके लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। सैम बोडोआनो खुद को कंटेंट क्रिएटर और एंड्यूरेंस एथलीट बताते हैं। इसके अलावा वह इंग्लैंड की हॉकी प्रीमियर लीग में भी खेल चुके हैं।









