MS Dhoni defamation case: धोनी को कोर्ट का झटका, पैसे भरे या जाऐं जेल
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Mahendra Singh Dhoni को मानहानि से जुड़े एक मामले में Madras High Court से अंतरिम निर्देश मिला है।

MS Dhoni defamation case: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Mahendra Singh Dhoni को मानहानि से जुड़े एक मामले में Madras High Court से अंतरिम निर्देश मिला है। अदालत ने धोनी को 12 मार्च 2026 तक 10 लाख रुपये जमा करने का आदेश दिया है। यह राशि मामले से संबंधित ऑडियो-वीडियो सीडी के कंटेंट के ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद के खर्च के लिए निर्धारित की गई है।
धोनी ने सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी G. Sampath Kumar के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किया है। उनका आरोप है कि पूर्व अधिकारी ने उन्हें 2013 के आईपीएल सट्टेबाजी प्रकरण से जोड़ते हुए कथित रूप से आपत्तिजनक बयान दिए थे, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
इस मामले की सुनवाई के दौरान अदालत को एक सीडी सौंपी गई थी, जिसमें कथित तौर पर संबंधित सामग्री मौजूद है। 28 अक्टूबर 2025 के पूर्व आदेश के तहत कोर्ट के आधिकारिक इंटरप्रेटर को सीडी का ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद तैयार करने का निर्देश दिया गया था। अदालत ने माना कि यह प्रक्रिया विस्तृत और समय लेने वाली है। जस्टिस आर.एन. मंजुला ने टिप्पणी की कि इस कार्य में एक इंटरप्रेटर और एक टाइपिस्ट को कई महीनों तक लगातार काम करना पड़ेगा।
इसी अतिरिक्त श्रम और समय को ध्यान में रखते हुए अदालत ने कुल खर्च 10 लाख रुपये तय किया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सामान्यतः ऐसे दस्तावेज तैयार कराने की जिम्मेदारी वादी की होती है, इसलिए यह राशि भी धोनी को ही वहन करनी होगी। अदालत ने निर्देश दिया है कि सीडी के कंटेंट का पूरा ट्रांसक्रिप्शन और अनुवाद मार्च 2026 के तीसरे सप्ताह तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही, धोनी को निर्धारित राशि मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रिलीफ फंड में जमा करानी होगी। मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च 2026 को तय की गई है।
यह भी पढ़ें: Holiday Special Trains: होली पर कटड़ा से चलेगी ये ट्रेन, जानें टाइमिंग









