T20 World Cup 2026: लगातार जीत से भारत बना विश्व क्रिकेट का सरताज

हालिया मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा। यह इस संस्करण में टीम की दूसरी जीत है।

T20 World Cup 2026: भारत ने टी20 विश्व कप में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 2007 में टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से अब तक किसी भी टीम ने जो कारनामा नहीं किया था, वह भारतीय टीम ने कर दिखाया है। लगातार जीत के दम पर टीम इंडिया ने नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है और अपनी बादशाहत को और मजबूत किया है।

हालिया मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराकर लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा। यह इस संस्करण में टीम की दूसरी जीत है। इसी के साथ भारत टी20 विश्व कप इतिहास में लगातार 10 मैच जीतने वाली पहली टीम बन गया है, वह भी बिना एक भी मैच गंवाए।

दरअसल, यह जीतों का क्रम पिछले संस्करण से शुरू हुआ था। टी20 विश्व कप 2024 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं हारा और खिताब अपने नाम किया। उस समय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में थी। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराने के बाद रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।

इसके बाद टीम की अगुवाई सूर्यकुमार यादव ने संभाली और जीत का सिलसिला थमने नहीं दिया। पिछले संस्करण में भारत ने लगातार आठ मुकाबले जीते थे। मौजूदा टूर्नामेंट में शुरुआती दो मैच जीतकर यह संख्या 10 तक पहुंच गई है। इससे पहले यूएई के खिलाफ जीत के साथ भारत ने नौ मैचों की लगातार जीत का रिकॉर्ड बनाया था, जिसे अब दो अंकों में पहुंचा दिया गया है।

अब टीम की नजर अगली चुनौती पर है। 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। अगर भारत यह मैच भी जीत लेता है तो लगातार जीत का आंकड़ा 11 तक पहुंच जाएगा, जिससे यह रिकॉर्ड और मजबूत हो जाएगा।

अगर व्यापक स्तर पर आईसीसी टूर्नामेंट में भारत के प्रदर्शन को देखें तो तस्वीर और भी प्रभावशाली नजर आती है। टीम ने अपने पिछले 27 आईसीसी मुकाबलों में से 25 में जीत दर्ज की है। केवल एक मैच में हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।

साल 2023 के वनडे विश्व कप में भी भारत ने बिना हार के फाइनल तक का सफर तय किया था, हालांकि खिताबी मुकाबले में उसे हार मिली। इसके बाद 2024 के टी20 विश्व कप में अजेय रहते हुए खिताब जीता और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी बिना कोई मैच गंवाए ट्रॉफी अपने नाम की। लगातार शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम ने साफ कर दिया है कि आईसीसी टूर्नामेंट में उसका दबदबा फिलहाल कायम है।

यह भी पढ़ें: Road Rage in Thane: ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला को सड़क पर पटका

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!