Kabaddi Gold: फाइनल में ईरान पस्त, भारत ने 40-34 से जीता गोल्ड
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल में भारत ने ईरान को 40-34.....

Kabaddi Gold: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। फाइनल में भारत ने ईरान को 40-34 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में पुरुष कबड्डी का स्वर्ण एक बार फिर अपने नाम किया।
हाफ टाइम में ईरान से पीछे था भारत
फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही बेहद करीबी रहा। पहले हाफ के खत्म होने तक ईरान ने भारत पर 18-17 की बढ़त बना रखी थी। इसके बाद भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए मुकाबले की दिशा बदल दी। भारत ने लगातार अंक जुटाते हुए ईरान पर दबाव बनाया और मैच के अंतिम हिस्से में अपनी बढ़त मजबूत कर ली। आखिरकार भारतीय खिलाड़ियों ने 40-34 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।
एक ही दिन भारत को कबड्डी में दो गोल्ड
भारतीय पुरुष टीम की इस जीत से पहले महिला कबड्डी टीम भी फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक जीत चुकी थी। इस तरह भारत ने एक ही दिन कबड्डी के महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल हासिल किया।
पुरुष कबड्डी में भारत का दबदबा बरकरार
इस जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने एशियन गेम्स में अपना नौवां कबड्डी गोल्ड हासिल किया। भारत ने 2018 को छोड़कर पुरुष कबड्डी में हर एशियन गेम्स संस्करण में स्वर्ण जीता है। एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए यह चौथा गोल्ड मेडल भी है। पुरुष और महिला कबड्डी टीमों की लगातार जीत ने प्रतियोगिता में भारत के प्रदर्शन को और मजबूत किया है।









