play store ban fake apps: Google का बड़ा क्लीनअप, लाखों फर्जी ऐप्स बैन
Google ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में उसके AI आधारित डिटेक्शन सिस्टम और Play Protect तकनीक की अहम भूमिका रही।

play store ban fake apps: दुनिया की प्रमुख टेक कंपनी Google ने एंड्रॉइड यूजर्स की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान चलाया है। कंपनी ने 1.75 मिलियन यानी करीब 17.5 लाख ऐसे ऐप्स को Google Play Store से हटा दिया है, जो प्लेटफॉर्म की नीतियों का उल्लंघन कर रहे थे। यह कार्रवाई एंड्रॉइड इकोसिस्टम को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हटाए गए कई ऐप्स में मैलवेयर पाए गए थे। ये ऐप्स फाइनेंशियल फ्रॉड, छिपे हुए सब्सक्रिप्शन और यूजर्स की निजी जानकारी के दुरुपयोग जैसी गतिविधियों में शामिल थे। Google ने इन ऐप्स को बड़े स्तर पर यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक कर दिया।
इस कार्रवाई के दौरान लगभग 80 हजार डेवलपर अकाउंट्स को भी सस्पेंड किया गया है। कंपनी का कहना है कि ये डेवलपर्स बार-बार पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे थे या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए। ऐसे खातों को बंद कर भविष्य में होने वाले दुरुपयोग पर रोक लगाने की कोशिश की गई है।
Google ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में उसके AI आधारित डिटेक्शन सिस्टम और Play Protect तकनीक की अहम भूमिका रही। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ऐप्स का विश्लेषण कर संभावित खतरों की पहचान की गई। कंपनी के अनुसार, AI टूल्स ने लगभग 2.55 लाख ऐप्स को यूजर्स के संवेदनशील डेटा तक पहुंचने से रोका।
इसके अलावा, कंपनी ने अपने एंटी-स्पैम मैकेनिज्म को भी अपग्रेड किया है। इसी के तहत करीब 160 मिलियन फर्जी रेटिंग और रिव्यू को हटाया गया। इन नकली रिव्यूज का इस्तेमाल यूजर्स को गुमराह करने और ऐप की रैंकिंग बढ़ाने के लिए किया जा रहा था।
Google का कहना है कि 2025 में एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म को और सुरक्षित बनाने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम को और सख्त किया गया है। Play Store पर मौजूद ऐप्स की लगातार निगरानी की जा रही है और डेवलपर्स के लिए नियमों का पालन अनिवार्य किया गया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यूजर्स की प्राइवेसी और डिजिटल सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें: Ramadan 2026: रमजान का चांद दिखते ही पढ़ें ये खास दुआ और जानें अर्थ









