Delhi में अचानक क्यों बंद हुई गाड़ियों की एंट्री? जानिए पूरा प्लान
यह व्यवस्था दो चरणों में लागू होगी। पहला चरण 22 जनवरी की रात 10 बजे से 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल समाप्त होने तक रहेगा।

Delhi: गणतंत्र दिवस समारोह और उससे पहले होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मालवाहक वाहनों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान राजधानी में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था दो चरणों में लागू होगी। पहला चरण 22 जनवरी की रात 10 बजे से 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल समाप्त होने तक रहेगा। दूसरा चरण 25 जनवरी की रात 10 बजे से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम खत्म होने तक लागू रहेगा। इन समयों के दौरान दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों को डायवर्जन के जरिए ही गुजरना होगा।
चिल्ला रेड लाइट से दिल्ली में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों को वहीं से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह डीएनडी बॉर्डर से आने वाले वाहनों को डीएनडी टोल प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और फिर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की तरफ मोड़ा जाएगा।
कालिंदी कुंज यमुना बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा और उन्हें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे भेजा जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली आने वाले वाहन फलैदा कट और रबूपुरा सर्विस रोड से गलगोटिया, जीबीयू होते हुए पुस्ता तिराहा, होंडा सीएल चौक और कासना के रास्ते ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे। वहीं, कुछ वाहनों को जीरो प्वाइंट से परीचौक की दिशा में मोड़कर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे भेजा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देख लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
यह भी पढ़ें: Delhi News: कल नल से नहीं टपकेगा पानी? दिल्ली जल बोर्ड का बड़ा अपडेट









