Jaisalmer Theft Case: चोरी के बाद दारू पीकर चोर छोड़ गया फनी मैसेज

यहां एक इंजीनियर के सरकारी क्वार्टर में चोरी हुई, चोर सिर्फ सामान ही नहीं ले गया, बल्कि अपने अंदाज़ और “डायलॉगबाजी” से भी सबका ध्यान खींच गया।

Jaisalmer Theft Case: राजस्थान के जैसलमेर जिले से चोरी की एक बेहद अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस से लेकर पीड़ित मकान मालिक तक सभी को हैरान कर दिया है। यहां एक सरकारी इंजीनियर के सरकारी क्वार्टर में चोरी हुई, लेकिन चोर सिर्फ सामान ही नहीं ले गया, बल्कि अपने अंदाज़ और “डायलॉगबाजी” से भी सबका ध्यान खींच गया।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित इंजीनियर सोहन जांगिड़, जो सहायक अभियंता (AEN) के पद पर कार्यरत हैं, किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान रविवार को उनका क्वार्टर खाली देख चोर ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरी की जानकारी तब सामने आई जब मकान मालिक वापस लौटे और घर का नज़ारा देखकर चौंक गए।

पीड़ित के मुताबिक, चोर ने घर से कीमती सामान समेटने के दौरान वहां रखी महंगी शराब की बोतल भी देख ली। बताया जा रहा है कि चोर ने घर में ही बैठकर पूरी शराब पी ली, लेकिन खाने के लिए कुछ न मिलने पर वह नाराज हो गया। इसी गुस्से में उसने घर की दीवार और कागज पर लिपस्टिक और पेन से कई अजीबोगरीब संदेश लिख डाले।

चोर ने एक नोट में लिखा, “दारू रखते हो तो आलू चिप्स भी रखा करो।” इसके अलावा, उसने खुद को “बिहारी बाबू” बताते हुए लिखा कि उसे ढूंढते रह जाओगे, लेकिन वह कभी नहीं मिलेगा। चोर ने यह भी दावा किया कि वह कोई जरूरी दस्तावेज साथ नहीं ले जा रहा है और पुलिस में शिकायत करने पर धमकी भरे लहजे में चेतावनी भी दी।

नोट में आगे लिखा गया कि मजबूरी में उसने पहली बार चोरी की है और अगर जिंदा रहा तो इस एहसान को कभी नहीं भूलेगा। चोर ने मकान मालिक की पेन की तारीफ करते हुए संदेश का अंत “धन्यवाद – बिहारी बाबू” के साथ किया। चोरी गए सामान में एक लैपटॉप, एक टीवी, दो परफ्यूम, दो नई शर्ट, एक जींस और एक ब्लेजर शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, घर की पूरी जांच के बाद और भी सामान गायब होने की जानकारी सामने आ सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिंगरप्रिंट सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। चोर द्वारा छोड़े गए नोट्स में पुलिस को खुलेआम चुनौती दिए जाने के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस शातिर और अनोखे चोर को कब तक पकड़ पाती है।

यह भी पढ़ें: Delhi Transport Plan: भलस्वा लैंडफिल साइट पर बनेगा आधुनिक ISBT

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!