Layoff News: 80 कर्मचारियों की नौकरी गई, कंपनी के फैसले से मचा हड़कंप
5 मिनट की Google Meet कॉल के दौरान डिसमिस किए जाने की जानकारी दी गई। एक कथित प्रभावित कर्मचारी ने Reddit पर पोस्ट साझा कर पूरी घटना के...

अमेरिका की एक फाइनेंशियल कंपनी पर अपनी पूरी भारतीय कस्टमर सपोर्ट टीम को अचानक नौकरी से हटाने का आरोप लगा है। दावा है कि करीब 80 कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व सूचना के सिर्फ 5 मिनट की Google Meet कॉल के दौरान डिसमिस किए जाने की जानकारी दी गई। एक कथित प्रभावित कर्मचारी ने Reddit पर पोस्ट साझा कर पूरी घटना के बारे में बताया है।
पहले ऑफिस आने से रोका, घर से कराया काम
Reddit के r/IndianWorkplace फोरम पर कर्मचारी ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन मैनेजमेंट ने ऑपरेशनल वजहों का हवाला देते हुए कर्मचारियों को ऑफिस नहीं आने और घर से काम करने के लिए कहा था।
कर्मचारी के मुताबिक, शाम 6:30 बजे से टीम अपनी सामान्य शिफ्ट कर रही थी। इसके करीब तीन घंटे बाद रात 9:30 बजे अचानक सभी कर्मचारियों को Google Meet पर जुड़ने के लिए कहा गया। कॉल शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर मैनेजमेंट ने पूरी भारतीय कस्टमर सर्विस टीम को हटाए जाने की जानकारी दे दी।
कर्मचारी का दावा है कि इस फैसले से करीब 80 कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने अचानक आर्थिक संकट खड़ा हो गया।
कर्मचारी ने बताई कंपनी की पहचान
Reddit पर पोस्ट के बाद जब यूजर्स ने कंपनी का नाम पूछा, तो कर्मचारी ने इसे Bluevine बताया। यह अमेरिका की डिजिटल बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी है।
कर्मचारी के अनुसार, कंपनी ने भारतीय कर्मचारियों से अपेक्षित स्तर का आउटपुट नहीं मिलने को छंटनी की वजह बताया। हालांकि, पोस्ट करने वाले कर्मचारी ने इस दावे से असहमति जताई। उसका कहना है कि अमेरिका स्थित टीम में भी काम से जुड़ी गलतियां होती थीं और कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की समस्या भी थी।
उसने दावा किया कि भारतीय टीम अपनी नौकरी को लेकर चिंतित रहती थी और तय क्षमता से ज्यादा काम करने के बावजूद बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करती थी।
नौकरी जाने के बाद कर्मचारी ने जताया दुख
अचानक हुई इस छंटनी से प्रभावित कर्मचारी ने अपनी पोस्ट में निराशा जाहिर की। उसका कहना है कि अब उसे इस बात का अफसोस हो रहा है कि उसने कंपनी के लिए इतनी मेहनत क्यों की, क्योंकि नौकरी जाने का फैसला कुछ ही मिनटों में लिया गया। कर्मचारी ने यह भी बताया कि नौकरी गंवाने के बाद उसके सामने सबसे बड़ी चिंता नई नौकरी तलाशने की है।
Reddit पोस्ट पर लोगों ने दी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई। कई यूजर्स ने कर्मचारियों के साथ हुई इस कथित कार्रवाई पर अपनी नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने प्रभावित कर्मचारियों को ब्रेक लेने, दूसरी कंपनियों में आवेदन शुरू करने और पुराने प्रोफेशनल संपर्कों से दोबारा जुड़ने की सलाह दी। कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों की नौकरी गई है, वे आपस में संपर्क बनाए रखते हुए आगे के रोजगार विकल्पों पर काम कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यह खबर Reddit पर साझा की गई एक पोस्ट और उस पर यूजर्स की सार्वजनिक प्रतिक्रियाओं पर आधारित है। पोस्ट में किए गए कर्मचारी के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।









