PTM Viral Post: किराए पर चाहिए मां-बाप! 15 हजार के ऑफर से हलचल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीब और चर्चा में रहने वाला ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें छात्र अपनी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) में...

PTM Viral Post: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीब और चर्चा में रहने वाला ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें छात्र अपनी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) में असली माता-पिता की जगह “फेक” यानी किराए के अभिभावक लाने की बात कर रहे हैं। हाल ही में एक पोस्ट सामने आई, जिसमें एक छात्रा ने पीटीएम में साथ आने के लिए नकली माता-पिता की तलाश की बात कही।

बताया जा रहा है कि यह पोस्ट सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर शेयर की गई थी। पोस्ट में दावा किया गया कि एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा को अपनी पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में शामिल होने के लिए किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत है जो उसके माता-पिता की भूमिका निभा सके।

वायरल पोस्ट के मुताबिक छात्रा ने लिखा कि उसे अपने साथ पीटीएम में जाने के लिए “नकली पिता या मां” चाहिए। उसने यह भी लिखा कि अगर किसी की उम्र 40 साल से अधिक है और वह अच्छी अंग्रेजी बोल सकता है, तो उससे संपर्क किया जा सकता है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि इसके बदले 15 हजार रुपये देने की बात कही गई है।

यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, तो कई लोगों ने इसे अजीब और हैरान करने वाला ट्रेंड बताया।

एक यूजर ने कमेंट करते हुए अपने पुराने अनुभव को साझा किया। उसने बताया कि साल 2003 में उसके कॉलेज में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब एक छात्र ने अपने परिचित व्यक्ति को पिता बनाकर पीटीएम में भेज दिया था। उस समय उसे इसके लिए पैसे भी दिए गए थे। हालांकि बाद में जब उसके असली पिता कॉलेज पहुंचे तो पूरी सच्चाई सामने आ गई।

इस पोस्ट पर कई अन्य यूजर्स ने भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने लिखा कि उसके पिता रिटायर हो चुके हैं और अतिरिक्त कमाई के लिए यह काम कर सकते हैं, जबकि कुछ लोगों ने मजाक में खुद को इस “रोल” के लिए तैयार बताया। हालांकि, कई लोगों का मानना है कि यह ट्रेंड शिक्षा व्यवस्था और अभिभावकों के साथ रिश्तों को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है। फिलहाल यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इस पर अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें: Delhi BJP Report Card: दिल्ली सरकार के 1 साल, रेखा गुप्ता ने गिनाए काम

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!