Earthquake News: एक के बाद एक कांपे कई इलाके, सामने आई बड़ी वजह
भारत के पड़ोसी क्षेत्र तिब्बत में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता...

Earthquake News: भारत के पड़ोसी क्षेत्र तिब्बत में शुक्रवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई। पिछले कुछ दिनों में इस क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां सामने आने के कारण लगातार झटकों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ी हुई है। शुक्रवार को सिर्फ तिब्बत ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल और अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इन घटनाओं में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है।
तिब्बत में सुबह-सुबह आया भूकंप
NCS की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, तिब्बत में भूकंप शुक्रवार सुबह 4:02 बजे आया। इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई और भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 30 किलोमीटर की गहराई में था। इससे पहले 8 सितंबर को भी तिब्बत में 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उस दौरान भूकंप के झटके नेपाल के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए थे।
पश्चिम बंगाल में भी महसूस हुए झटके
तिब्बत के अलावा शुक्रवार सुबह पश्चिम बंगाल में भी धरती हिली। NCS के मुताबिक, सुबह 6:56 बजे अलीपुरद्वार में भूकंप आया। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन के करीब 9 किलोमीटर नीचे बताया गया है। कम तीव्रता के इस भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
अफगानिस्तान में भी भूकंप
इसी दिन अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 3.5 मापी गई। NCS के अनुसार, अफगानिस्तान में आए इस भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर करीब 163 किलोमीटर की गहराई में था। इस घटना में भी फिलहाल किसी बड़ी क्षति की सूचना नहीं है।
आखिर क्यों आती है धरती में कंपन?
भूकंप के पीछे सबसे प्रमुख कारण धरती के अंदर मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल होती है। ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं। कई बार इनके आपस में टकराने, एक-दूसरे से रगड़ खाने या अचानक खिसकने के कारण जमीन के नीचे भारी मात्रा में जमा ऊर्जा बाहर निकलती है। ऊर्जा के इस अचानक रिलीज होने से धरती में कंपन पैदा होता है, जिसे हम भूकंप के झटकों के रूप में महसूस करते हैं। हर भूकंप विनाशकारी नहीं होता। कम तीव्रता वाले झटकों से आमतौर पर बड़ा नुकसान नहीं होता, लेकिन यदि भूकंप की तीव्रता ज्यादा हो और उसका केंद्र आबादी वाले क्षेत्र के करीब हो, तो इससे इमारतों, सड़कों और दूसरे ढांचों को भारी नुकसान पहुंच सकता है और बड़ी संख्या में लोगों की जान भी जा सकती है।









