वॉशिंगटन में बनी पहली भारतीय महिला काउंसलर, गीता हाथ में लेकर ली शपथ
रेडमंड शहर अमेरिका का प्रमुख टेक हब और माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक मुख्यालय का केंद्र है। मेनका की जीत को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए ऐतिहासिक...

वाशिंगटन राज्य के रेडमंड शहर ने पहली बार एक भारतीय मूल की अमेरिकी महिला को सिटी काउंसिल सदस्य चुना है। लखनऊ की रहने वाली मेनका सोनी ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और शपथ ग्रहण के दौरान श्रीमद्भगवद गीता हाथ में लेकर पद की शपथ ली। इस पल ने भारतीय संस्कृति और परंपरा की अनोखी छाप छोड़ी। जज रसेल द्वारा प्रशासनिक शपथ दिलाई गई, वहीं मेनका पारंपरिक भारतीय कढ़ाई वाले पैंट-सूट में नजर आईं, जिसने समारोह में एक सांस्कृतिक पहचान भी जोड़ी।
रेडमंड शहर अमेरिका का प्रमुख टेक हब और माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक मुख्यालय का केंद्र है। मेनका की जीत को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के नागरिक उपस्थित रहे। शहर की मेयर एंजेला बिरनी, सिटी काउंसिल के सदस्य और समुदाय से जुड़े प्रतिनिधि भी इस अवसर के साक्षी बने। मेनका सोनी की जीत इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि उन्होंने पिछले आठ साल से पद पर बैठे अपने प्रतिद्वंद्वी को मात देकर यह स्थान प्राप्त किया। सिएटल में भारत के कौंसुल जनरल प्रकाश गुप्ता ने उन्हें सम्मानित किया और भारतीय समुदाय के लिए इसे गौरवपूर्ण पल बताया।
आगरा में जन्मी और लखनऊ में पली-बढ़ी मेनका की शिक्षा लखनऊ विश्वविद्यालय में हुई। करीब 20 वर्षों तक लखनऊ में रहकर उन्होंने अपना करियर आगे बढ़ाया और फिर अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट दुनिया में कदम रखा। उनके पास माइक्रोसॉफ्ट, स्टारबक्स, जनरल मोटर्स और टी-मोबाइल जैसी नामी कंपनियों में काम करने का व्यापक अनुभव है। लगभग तीन दशक से वह वैश्विक बिजनेस क्षेत्र में सक्रिय हैं।
सामुदायिक सेवा में मेनका सोनी का योगदान भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने वॉशिंगटन राज्य में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के विकास, मानसिक स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा और बेघर लोगों की सहायता जैसे विषयों पर काम किया। वह AmPowering नामक गैर-लाभकारी संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष हैं, जिसने अब तक पांच लाख से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाई है। उनकी सेवाओं के लिए उन्हें यूएस कांग्रेस द्वारा Top-20 Influential Women Award और राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड-2024 से सम्मानित किया गया।
अपनी जीत पर मेनका ने कहा कि यह समुदाय की जीत है और वह शहर के विविध और प्रतिभाशाली लोगों का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस करती हैं। गीता हाथ में लेकर शपथ लेना उनके लिए कर्तव्य, सत्य और सेवा के मूल्यों का स्मरण कराता है। उनके लक्ष्य में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाना, न्यायसंगत आवास व्यवस्था, छोटे व्यवसायों को समर्थन, सुरक्षा, स्थिरता और दीर्घकालिक योजनाएं शामिल हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि हर आवाज को सुना और सम्मानित किया जाएगा।









