Moscow News: नशे में पकड़े गए चंदन के साथ क्या हुआ? अब लौटे घर!

उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता को रूस की राजधानी मॉस्को में हिरासत में लिए जाने के मामले में राहत मिली है। रूसी....

Moscow News: उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता को रूस की राजधानी मॉस्को में हिरासत में लिए जाने के मामले में राहत मिली है। रूसी अधिकारियों की हिरासत से रिहा होने के बाद चंदन अपने मॉस्को स्थित घर वापस लौट आए हैं। उन पर शराब के नशे में एंबुलेंस के शीशे तोड़ने का आरोप लगाया गया था। चंदन की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उनके सुरक्षित घर लौटने की जानकारी दी। इससे पहले स्नेहा ने एक वीडियो के जरिए मदद की अपील की थी और दावा किया था कि उनके पति को हिरासत में लेने के बाद रूसी सेना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

कंपनी ने की कानूनी मदद की व्यवस्था

चंदन की रिहाई के बाद उनकी पत्नी ने बताया कि उनके पति को कानूनी सहायता मिलने के बाद रिहा किया गया। स्नेहा के मुताबिक, नोएडा स्थित उनके नियोक्ता UFlex Limited ने रूस में चंदन के लिए कानूनी मदद का इंतजाम किया। उन्होंने कंपनी और उसके कर्मचारियों का आभार जताया। स्नेहा ने कहा कि मुश्किल समय के दौरान कंपनी के लोग लगातार उनके संपर्क में रहे और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।

5 सितंबर की रात हिरासत में लिए गए थे

जानकारी के मुताबिक, चंदन गुप्ता वर्क वीजा पर अपनी पत्नी और 10 साल के बेटे के साथ मॉस्को में रहते हैं। बताया गया है कि 5 सितंबर की रात करीब 11:40 बजे उन्हें मॉस्को के रेड स्क्वायर इलाके से हिरासत में लिया गया था। आरोप था कि वह शराब के नशे में थे और वहां खड़ी एक एंबुलेंस के शीशों को नुकसान पहुंचाया। घटना के समय चंदन के साथ उनका एक दोस्त भी मौजूद था।

फोन और पासपोर्ट पुलिस ने अपने कब्जे में लिया

स्नेहा के अनुसार, चंदन को हिरासत में लिए जाने के बाद उनका फोन और पासपोर्ट पुलिस ने अपने पास रख लिया था। इसी वजह से वह अपने पति से सीधे संपर्क नहीं कर पा रही थीं। उन्होंने बताया कि शनिवार रात हुई हिरासत की जानकारी उन्हें तुरंत नहीं मिल सकी। बाद में चंदन के साथ मौजूद दोस्त ने उन्हें घटना के बारे में बताया।

पहले वीडियो जारी कर मांगी थी मदद

चंदन की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद उनकी पत्नी स्नेहा ने सोशल मीडिया पर एक SOS वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने और अपने पति की सुरक्षित वापसी में मदद करने की अपील की थी। अब चंदन की रिहाई के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है और वह मॉस्को स्थित अपने घर वापस लौट चुके हैं।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!