Nepal Crisis: भारत-चीन ने बढ़ाया मदद का हाथ, नेपाल ने क्यों किया इनकार?

नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच नेपाल सरकार ने भारत, चीन समेत कई..

 नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच नेपाल सरकार ने भारत, चीन समेत कई देशों की ओर से खोज और बचाव दल भेजने के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है। हालांकि, नेपाल ने मानवीय सहायता, राहत सामग्री और आर्थिक मदद लेने से इनकार नहीं किया है।

नेपाल सरकार का कहना है कि देश की सुरक्षा एजेंसियां और सेना मौजूदा हालात से निपटने तथा राहत-बचाव अभियान चलाने में सक्षम हैं। सरकार ने लापता लोगों, खासकर विदेशी नागरिकों से जुड़ी जानकारी के समन्वय के लिए एक केंद्रीय व्यवस्था भी तैयार की है।

कई देशों ने भेजना चाही Rescue Teams

नेपाल के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सरकार को अलग-अलग देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों की ओर से आधिकारिक और अनौपचारिक तौर पर कई प्रस्ताव मिले थे। इनमें आपदा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशिक्षित बचावकर्मियों को भेजने और हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने की पेशकश भी शामिल थी।

भारत, चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका और बांग्लादेश समेत कई देशों ने किसी न किसी रूप में सहायता की पेशकश की थी। इसके बावजूद नेपाल ने विदेशी खोज एवं बचाव टीमों को अभियान में शामिल करने के बजाय अपनी सुरक्षा एजेंसियों के जरिए ऑपरेशन जारी रखने का फैसला किया।

आखिर विदेशी मदद से क्यों बनाई दूरी?

नेपाली अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग देशों की बचाव टीमों के आने और उनके कामकाज में तालमेल बैठाना बड़ी चुनौती बन सकता है। आपदा के दौरान काठमांडू का एयरपोर्ट, सड़कें और संचार व्यवस्था पहले से ही दबाव में रहती हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में विदेशी टीमों की गतिविधियों को एक साथ मैनेज करना राहत अभियान को और जटिल कर सकता है।

नेपाल के अधिकारियों ने 2015 के भूकंप के दौरान सामने आई कुछ व्यवस्थागत चुनौतियों से भी सबक लिया है। सरकार अब राहत और बचाव कार्यों में एक स्पष्ट कमांड चेन बनाए रखना चाहती है, ताकि अलग-अलग एजेंसियां समानांतर तरीके से काम न करें और संसाधनों के इस्तेमाल में दोहराव न हो।

भारत ने भेजी बड़ी मात्रा में राहत सामग्री

विदेशी रेस्क्यू टीमों को अनुमति नहीं देने के बावजूद नेपाल भारत समेत अन्य देशों से राहत और आर्थिक सहायता स्वीकार कर रहा है।

भारत ने अपनी ‘Neighbourhood First’ नीति के तहत नेपाल को शुरुआती तौर पर 10 टन मानवीय सहायता भेजी थी। इसके बाद भारतीय वायुसेना के C-130J और C-17 विमानों के जरिए करीब 37.5 टन अतिरिक्त राहत सामग्री पहुंचाई गई।

इस सहायता में अस्थायी शेल्टर, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप, दवाएं और खाद्य सामग्री जैसी जरूरी चीजें शामिल थीं। भारत ने बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुलों की समस्या को देखते हुए नेपाल को बेली ब्रिज और प्री-फैब्रिकेटेड ट्रस ब्रिज उपलब्ध कराने की पेशकश भी की है। भारत ने 2015 में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान भी नेपाल के राहत और बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

नेपाल ने बनाया ‘One Door System’

विदेशी सहायता को व्यवस्थित तरीके से लेने के लिए नेपाल सरकार ने ‘One Door System’ लागू किया है। इसके तहत नेपाल में मौजूद विदेशी मिशनों से कहा गया है कि आर्थिक सहायता को प्रधानमंत्री राहत कोष के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए।

सरकार का उद्देश्य अलग-अलग स्रोतों से आने वाली मदद को एक जगह समन्वित करना, एक ही तरह की सहायता के दोहराव को रोकना और जरूरत के हिसाब से संसाधनों को प्रभावित इलाकों तक पहुंचाना है। नेपाल को उम्मीद है कि राहत अभियान के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण के चरण में भी अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आर्थिक तथा सामग्री के रूप में सहायता मिलती रहेगी।

अमेरिका, ब्रिटेन और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी बढ़ाया हाथ

नेपाल की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने सहायता की घोषणा की है। रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिका और ब्रिटेन के अलावा विश्व बैंक ने भी मदद का ऐलान किया है।

एशियाई विकास बैंक की ओर से भी आपातकालीन सहायता से आगे बढ़कर आपदा जोखिम का आकलन, शुरुआती चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने और बुनियादी ढांचे को अधिक सुरक्षित बनाने में सहयोग की पेशकश की गई है।

2015 के भूकंप में भारत ने चलाया था ‘ऑपरेशन मैत्री’

नेपाल में अप्रैल 2015 में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था। उस समय भारत शुरुआती मदद पहुंचाने वाले देशों में शामिल था। भारतीय वायुसेना ने ‘ऑपरेशन मैत्री’ के तहत विमानों और हेलीकॉप्टरों से राहत सामग्री पहुंचाने के साथ-साथ प्रभावित और फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया था। भारत की ओर से उस दौरान NDRF की टीमें, मेडिकल कर्मी, इंजीनियर और खोजी कुत्ते भी नेपाल भेजे गए थे। भूकंप के कारण जिन इलाकों का संपर्क टूट गया था, वहां भी राहत और बचाव अभियान चलाया गया था।

अब मौजूदा बाढ़ की त्रासदी के बीच नेपाल ने विदेशी Rescue Teams को सीधे अभियान में शामिल करने के बजाय अपनी एजेंसियों के जरिए ऑपरेशन चलाने का विकल्प चुना है, जबकि मानवीय और आर्थिक सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग का रास्ता खुला रखा है।

Tez Tarrar News

Gagandeep Singh

गगनदीप सिंह तेज़ तर्रार न्यूज़ चैनल में बतौर कंटेंट राइटर कार्य कर रहे है। जहां ये दिल्ली से जुड़ी सारी क्राइम की खबरें निडर होकर अपने लेख से लोगों तक… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!