Pakistan Blast: महिला को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस में अचानक फटा सिलेंडर
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में एंबुलेंस के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर में....

Pakistan Blast: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में एंबुलेंस के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने से 10 लोगों की जान चली गई। मृतकों में वह महिला भी शामिल थी, जिसे प्रसव के बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस दानो धंधल स्थित एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से महिला को जिला अस्पताल मीठी लेकर जा रही थी। प्रसव के बाद उसकी हालत में जटिलताएं सामने आई थीं, जिसके कारण उसे आगे के इलाज की जरूरत थी। इसी दौरान एंबुलेंस में रखा ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक फट गया।
थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आरिफ अजीज जाफरी ने हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चालक एंबुलेंस के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह खिसका रहा था, तभी उसमें विस्फोट हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
पाकिस्तान में बस पलटने से 11 लोगों की गई जान
पाकिस्तान में यह कोई पहला बड़ा हादसा नहीं है। इससे पहले पंजाब प्रांत के राजनपुर में एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कराची से डेरा गाजी खान जा रही बस निर्माणाधीन राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इस दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। जान गंवाने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बस की तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह बताया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने घटना पर दुख जताया और संबंधित अधिकारियों को घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही।
पेशावर में स्कूल की छत गिरने से भी गई थीं 30 जानें
इससे करीब एक सप्ताह पहले पेशावर में एक निजी स्कूल की छत गिरने की घटना सामने आई थी। इस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 29 बच्चे शामिल थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया था।
लगातार सामने आ रही ऐसी दुर्घटनाओं ने पाकिस्तान में सार्वजनिक सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।









