Tibet Earthquake: भीषण भूकंप से 16 लोगों की जान गई, 54 घायल; रेस्क्यू जारी
चीन के तिब्बत क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। गुरुवार शाम आए 7.0 तीव्रता के भूकंप के कारण अब तक.....

Tibet Earthquake : चीन के तिब्बत क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। गुरुवार शाम आए 7.0 तीव्रता के भूकंप के कारण अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 54 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई मकान ढह गए हैं और सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी है।
भूकंप के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने सुरक्षित जगहों पर शरण ली। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मलबे में फंसे लोगों की तलाश करने के साथ ही प्रभावित परिवारों को अस्थायी ठिकाने उपलब्ध कराने में जुटी हैं।
339 मकान ढहे, कई लोग गंभीर रूप से घायल
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, भूकंप के चलते कम से कम 339 मकान ढह गए हैं। घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि 21 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। अन्य घायलों का भी इलाज किया जा रहा है।
बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं। जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उनके लिए अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। राहतकर्मी जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के साथ तंबू लगाने का काम भी कर रहे हैं।
जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के अनुसार, भूकंप का केंद्र उत्तरी तिब्बत के नागकू क्षेत्र में था। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। यह इलाका समुद्र तल से औसतन लगभग 4,864 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। भूकंप का केंद्र तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर बताया गया है।
भूकंप के बाद कई और झटके महसूस किए गए
मुख्य भूकंप के बाद आसपास के इलाकों में 3 से 4 तीव्रता के कई झटके भी दर्ज किए गए। इससे स्थानीय लोगों में भय और बढ़ गया। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप के केंद्र के पास स्थित एक गांव में दो लोग घायल हुए, जबकि आसपास के गांवों में कई घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं।
स्थानीय मीडिया की ओर से जारी वीडियो में लोग अपने घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने खुले स्थानों पर तो कुछ ने सड़क किनारे खड़ी अपनी गाड़ियों में शरण ली।
राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन करने और लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। अधिकारियों की प्राथमिकता घायलों को मदद पहुंचाना और बेघर हुए लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था करना है।









