Dog Row In Ashok Nagar: कुत्ते को लेकर झगड़ा, युवक पर चाकू से हमला
बताया जाता है कि कुत्ता दंपती को देखकर भौंकने लगा। इस पर शिवम ने महिला से कहा कि वह अपने कुत्ते को संभालकर रखें।

Dog Row In Ashok Nagar: पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक दंपती को सिर्फ इसलिए पीटा गया क्योंकि उन्होंने कुत्ते को संभालकर रखने के लिए कहा था। घटना में 24 वर्षीय युवक शिवम उर्फ सोनू घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिवम अपने परिवार के साथ दल्लूपुरा स्थित हरिजन बस्ती में रहता है। तीन मार्च की रात वह अपनी पत्नी नजराना और डेढ़ साल की बेटी रूही के साथ खाना खाने के बाद टहलने के लिए बाहर निकला था। जब वह चिंटू चिकन शॉप के पास पहुंचा, तब वहां नीलम नाम की एक महिला अपने पालतू कुत्ते के साथ खड़ी थी।
बताया जाता है कि कुत्ता दंपती को देखकर भौंकने लगा। इस पर शिवम ने महिला से कहा कि वह अपने कुत्ते को संभालकर रखें। आरोप है कि इस बात पर महिला नाराज हो गई और उसने कुत्ते को दंपती की ओर छोड़ दिया। हमले के दौरान शिवम की पत्नी और उसकी छोटी बेटी गिरकर घायल हो गईं।
शिवम का आरोप है कि इसके बाद महिला ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों और परिचितों को बुला लिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद शिवम अपनी पत्नी और बेटी के साथ घर लौट आया।
हालांकि आरोप है कि कुछ देर बाद महिला के परिजन अरविंद, मनीष और प्रवीण अन्य लोगों के साथ शिवम के घर पहुंच गए। वहां उन्होंने शिवम पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।









